राम मंदिर दान मामले में जांच अब नए चरण में पहुंच गई है। SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इस बीच महंत शशिकांत दास ने मामले पर बड़ा बयान देते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। राम मंदिर चंदा संग्रह में हेराफेरी के मामले में सरयू नित्य आरती के प्रमुख महंत शशिकांत दास ने कहा कि SIT की रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद 8 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है और उन्हें जेल भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि जांच अभी जारी है और आगे की जांच के निष्कर्षों के आधार पर जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
महंत शशिकांत दास ने बताया कि फिलहाल केवल प्रारंभिक जांच पूरी हुई है। विस्तृत जांच अभी चल रही है और 15 दिनों बाद इसकी समीक्षा कर नई रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।
उन्होंने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों और विज़न को ध्यान में रखते हुए जांच प्रक्रिया पर भरोसा रखना चाहिए। अब पुलिस आगे की जांच कर रही है। SIT की अंतिम रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।
