लखनऊ के चारबाग मेट्रो स्टेशन पर नियमित जांच के दौरान एक बीकॉम छात्र को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया गया। छात्र बाराबंकी जा रहा था और स्कैनर में संदिग्ध वस्तु मिलने पर पुलिस ने उसे आर्म्स एक्ट के तहत जेल भेज दिया।मेट्रो की सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच गुरुवार को चारबाग मेट्रो स्टेशन पर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। नियमित चेकिंग के दौरान बीकॉम के एक छात्र को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपित बाराबंकी जाने के लिए निकला था, लेकिन स्टेशन के स्कैनर में ही उसकी मंशा उजागर हो गई।इंस्पेक्टर नाका अभिनव वर्मा के अनुसार, मेट्रो स्टेशन पर लगे स्कैनर मशीन से गुजरते समय एक युवक के बैग में संदिग्ध वस्तु का संकेत मिला।
सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची थाना नाका हिंडोल पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर तलाशी ली, तो उसके पास से .315 बोर का अवैध देशी तमंचा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपित की पहचान वेदांग अग्निहोत्री के रूप में हुई। वह मूल रूप से हरदोई का रहने वाला है और वर्तमान में चिनहट क्षेत्र में रहकर एक निजी कॉलेज से बीकाम की पढ़ाई कर रहा है। युवक ने पुलिस को बताया कि वह बाराबंकी जाने के लिए निकला था और तमंचा केवल शौक के लिए अपने पास रखा था।
पहले भी मेट्रो स्टेशनों पर असलहा व कारतूस के साथ पकड़े गए मामले
12 जनवरी 2026 – चारबाग मेट्रो स्टेशन
चेकिंग के दौरान एक युवक के बैग से 12 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद, आरोपी गिरफ्तार।
3 सितंबर 2025 – हजरतगंज मेट्रो स्टेशन
स्कैनिंग में कारतूस मिलने पर यात्री हिरासत में, पूछताछ के बाद मुकदमा दर्ज।
21 मार्च 2024 – ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन
सुरक्षा जांच में युवक के पास से अवैध पिस्टल बरामद, मौके पर गिरफ्तारी।
8 जुलाई 2023 – चारबाग मेट्रो स्टेशन
बैग में छिपाकर रखे गए तीन जिंदा कारतूस के साथ एक संदिग्ध पकड़ा गया।
