जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में नगर विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी नगर निकायों की कार्यप्रगति, स्वच्छता व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण, राजस्व वसूली तथा विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गई।
डीएम ने अधिशासी अधिकारियों को स्वच्छता के सभी मानकों पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और नालियों पर अतिक्रमण मिलने पर तत्काल कार्रवाई कर जुर्माना वसूलने तथा नगर निकाय क्षेत्रों में अवैध प्लाटिंग पर प्रभावी नियंत्रण करने को कहा। साथ ही तालाबों को अतिक्रमण मुक्त रखते हुए उनके संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर पालिका परिषद और सभी नगर पंचायतों में प्रतिदिन शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, राजस्व वसूली में तेजी तथा बकाया वसूली में लापरवाही करने वालों की जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया गया। डीएम ने अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना और राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन की प्रगति की भी समीक्षा की।
उन्होंने केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के तहत वार्ड स्तर तक जनजागरूकता अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने तथा विकसित भारत संकल्प, जनसंवाद और जनकल्याण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
