उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) ने लखनऊ मेट्रो के प्रस्तावित ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के क्रियान्वयन में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए वसंतकुंज में बनने वाले मेट्रो डिपो के निर्माण का ठेका जीएचवी इंडिया कंपनी को प्रदान कर दिया है। यह ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर का पहला प्रमुख सिविल टेंडर है, जिसके आवंटन के साथ परियोजना को नई गति मिलने की उम्मीद है।यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि वसंतकुंज में बनने वाला यह डिपो मेट्रो ट्रेनों के रखरखाव, निरीक्षण और स्टेबलिंग का प्रमुख केंद्र होगा। इसे ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मौजूदा डिपो की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।
यहां पिट व्हील लेथ मशीन, ऑटोमैटिक सिंक्रोनाइज्ड पिट जैक, मोबाइल जैक मशीन, बोगी टर्न टेबल, ऑटोमैटिक ट्रेन वाशिंग प्लांट, इलेक्ट्रिक बोगी शंटर तथा री-रेलिंग एवं रेस्क्यू वाहन जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं स्थापित की जाएंगी।
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए डिपो को ग्रीन डिपो के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें जीरो डिस्चार्ज प्रणाली, ड्यूल प्लंबिंग नेटवर्क, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) की व्यवस्था होगी। उपचारित जल का पुनः उपयोग किया जाएगा, जिससे जल संरक्षण और संसाधनों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित होगा।
