'ना पूछदे' में दिखेगा मेरा नया रोमांटिक अंदाज: अभिषेक मल्हान


मुंबई, 11 जुलाई (आईएएनएस)। अभिनेता और यूट्यूबर अभिषेक मल्हान का कहना है कि उनके नए म्यूजिक वीडियो ‘ना पूछदे’ में दर्शकों को उनका एक बिल्कुल नया रोमांटिक अंदाज देखने को मिलेगा।

‘ना पूछदे’ को सैवी फरीद ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल और संगीत दीप क्लैर और हर्ष नुसी ने तैयार किए हैं। यह गीत युवा प्रेम की मासूमियत, चंचलता और अपने साथी की एक झलक पाने की बेचैनी के साथ रोमांस के खूबसूरत एहसास को दर्शाता है।

गाने को लेकर अभिषेक मल्हान ने कहा, “इस गाने की ताजगी और सैवी की आवाज ने मुझे पहली बार में ही आकर्षित कर लिया। अंशुल गर्ग और निर्देशक सत्ती ढिल्लों की सोच ने मुझे कुछ नया और रोमांचक करने का मौका दिया। अब तक लोगों ने मुझे एक खुशमिजाज और मस्ती करने वाले इंसान के रूप में देखा है, लेकिन ‘ना पूछदे’ में उन्हें मेरा रोमांटिक पक्ष देखने को मिलेगा। अवनीत की वजह से हमारी केमिस्ट्री भी बेहद स्वाभाविक बनी। देसी म्यूजिक फैक्ट्री के चार साल बाद रिलीज होने वाले पहले गाने का हिस्सा बनना मेरे लिए और भी खास है।”

इस गाने में अवनीत कौर भी अहम भूमिका में नजर आ रही हैं। वहीं राखी सावंत और सुनील पाल अपनी कॉमिक टाइमिंग से वीडियो में हास्य का तड़का लगाते दिखाई देंगे। टीजर में अभिषेक और अवनीत की शानदार केमिस्ट्री ने दर्शकों के बीच पूरे गाने को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।

अवनीत कौर ने भी इस गाने को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “अभिषेक के साथ रोमांटिक ट्रैक पर काम करना बेहद प्यारा अनुभव रहा, लेकिन वीडियो में गिद्धा करने का मौका मिलना मेरे लिए सबसे खास रहा। पंजाबी होने के नाते स्क्रीन पर अपनी संस्कृति को पेश करना मेरे लिए सम्मान की बात थी और इसे करने में बहुत मजा आया। अंशुल सर का धन्यवाद, जिन्होंने देसी म्यूजिक फैक्ट्री के चार साल बाद आने वाले पहले म्यूजिक वीडियो के लिए हम पर भरोसा जताया।”

‘ना पूछदे’ को देसी म्यूजिक फैक्ट्री के बैनर तले रिलीज किया गया है।

–आईएएनएस

डीएससी


Related Articles

Latest News