LUCKNOW:अफीम की तस्करी करने वाला ठेकेदार लखनऊ से ग‍िरफ्तार, STF ने की कार्रवाई

एसटीएफ ने रविवार देर रात पॉलीटेक्निक चौराहे के पास से अफीम की तस्करी करने वाले ठेकेदार को दबोचा। आरोपित अंतर्राज्यीय तस्कर है।उसके पास से 2.20 किलो अफीम बरामद की है। एसटीएफ ने बताया कि तस्कर के पास से बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी गई है।अपर पुलिस अधीक्षक विशाल विक्रम सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान मोहम्मद शहबाज उर्फ राजू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिमी चंपारण (बिहार) का निवासी है और वर्तमान में जालंधर (पंजाब) में रह रहा था।

आरोपित को तीन मई 2026 की रात करीब 11:30 बजे पालीटेक्निक चौराहे से भूतनाथ जाने वाली मुख्य सड़क पर पकड़ा गया। बरेली से अफीम लेकर पालीटेक्निक चौराहे के पास सप्लाई करने के लिए पहुंचा था।तस्कर के पास से अफीम के अलावा दो मोबाइल फोन और नकदी समेत अन्य माल बरामद हुआ है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने वर्ष 2024 में बीएससी (केमेस्ट्री) की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद नेपाल के पोखरा में सिविल कंस्ट्रक्शन का काम किया, लेकिन कम आमदनी के चलते उसने तस्करी का रास्ता अपनाया।

जालंधर में उसकी पहचान राहुल नामक युवक से हुई, जो मादक पदार्थों की तस्करी करता था। राहुल की मौत के बाद वह खुद इस धंधे में सक्रिय हो गया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Latest News