पश्चिम बंगाल के साथ ही असम के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन का जश्न उत्तर प्रदेश में जमकर मनाया जा रहा है।
पश्चिम बंगाल में भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है, जबकि असम और पुडुचेरी में भी पार्टी सरकार बना रही है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत को जनता में प्रधानमंत्री मोदी में विश्वास की जीत बताया और कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता का कुशासन हार गया।
लखनऊ में भाजपा के प्रदेश मुख्यायल में एकत्र भाजपा के नेताओं ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक राजधानी में भगवा लहरा गया है। विपक्ष जब हारता है तो अनर्गल आरोप लगाता है। भाजपा की इस जीत का बड़ा संदेश जा रहा है। पश्चिम बंगाल के साथ असम में भी फिर से भाजपा के सुशासन को जनता ने सराहा है। इसके साथ ही पुदुचेरी में भी भाजपा का परचम लहराया है।
पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत पर राम नगरी अयोध्या में जश्न का माहौल है। राम नगरी से माता काली की नगरी को प्रणाम कर जीत का संदेश दिया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
भाजपा कार्यालय पर बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता इकट्ठा हुए और अयोध्या के विधायक वेद प्रकाश गुप्ता की मौजूदगी में महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने भी जीत पर प्रसन्नता जताई। भाजपा जिला अध्यक्ष राधेश्याम त्यागी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। बबलू खान ने भी पश्चिम बंगाल में जीत पर खुशी जताई और इसे ऐतिहासिक जीत बताते हुए खास उपलब्धि बताया।
