भुवनेश्वर, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 में मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब ने ओडिशा एफसी के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेलकर सीजन का अपना पहला पॉइंट हासिल किया। यह मुकाबला भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में खेला गया और अंत तक बेहद रोमांचक रहा।
मैच की शुरुआत में दोनों टीमें थोड़ा संभलकर खेलती दिखीं। मिडफील्ड में गेंद पर नियंत्रण बनाने की कोशिश हुई, लेकिन शुरुआती समय में कोई बड़ा मौका नहीं बना। ओडिशा एफसी ने गेंद पर ज्यादा कब्जा बनाए रखा, जबकि मोहम्मडन टीम जवाबी हमलों के जरिए मौके तलाशती नजर आई। लगभग 20वें मिनट के आसपास मोहम्मडन ने खेल में पकड़ बनानी शुरू की। हीरा मंडल और महितोष रॉय ने दूर से शॉट लगाए, जबकि लालरेमसांगा फनाई एक अच्छे मौके पर गोल करने से चूक गए। दूसरी ओर, ओडिशा भी पीछे नहीं रहा और शानदार हमलों के साथ जवाब दिया। शुभम भट्टाचार्य और इसाक वनलालरुतफेला ने गोल करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
आखिरकार, पहले हाफ के अंत से ठीक पांच मिनट पहले ओडिशा को बढ़त मिली। एक तेज काउंटर-अटैक में लालरिनफेला खियांगते ने शानदार पास दिया, जिसे सुहैर वीपी ने गोल में तब्दील कर दिया। उन्होंने बॉक्स के अंदर शानदार शॉट लगाकर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। हाफ-टाइम से पहले मोहम्मडन को बराबरी का मौका मिला, लेकिन ओडिशा के गोलकीपर अमरिंदर सिंह ने बेहतरीन बचाव किया।
दूसरे हाफ में मोहम्मडन टीम ने आक्रामक शुरुआत की। उन्होंने लगातार हमले किए और आखिरकार 56वें मिनट में स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। हीरा मंडल के लो-क्रॉस (जमीन से सटा हुआ पास) पर एडिसन सिंह ने शानदार गोल दागा। इसके बाद मैच और रोमांचक हो गया। दोनों टीमें जीत के लिए लगातार प्रयास करती रहीं। मोहम्मडन ने कई जवाबी हमले किए और लगातार आक्रामक खेल दिखाया, जबकि ओडिशा ने गेंद पर कब्जा बनाए रखते हुए दबाव बनाने की कोशिश की।
मैच के आखिरी पलों में ओडिशा के पास जीत का मौका था। रहीम अली और इसाक ने अच्छे प्रयास किए, लेकिन मोहम्मडन के गोलकीपर पदम छेत्री ने शानदार बचाव कर टीम को हार से बचा लिया। कार्लोस डेलगाडो का हेडर भी गोल पोस्ट से थोड़ा सा बाहर चला गया। अंत में, दोनों टीमें कोई और गोल नहीं कर सकीं और मैच 1-1 से ड्रॉ पर खत्म हुआ। इस नतीजे के साथ मोहम्मडन स्पोर्टिंग को सीजन का पहला अंक मिला, जबकि ओडिशा एफसी को भी एक अंक से संतोष करना पड़ा।
–आईएएनएस
एसएम/डीकेपी
