गांधीनगर, 22 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात में शराबबंदी कानून से जुड़े सात मामलों में वांछित और 2023 से फरार चल रहे एक कथित शराब तस्कर को राज्य निगरानी प्रकोष्ठ ने अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के नए ठिकाने का पता चलने के बाद उसे पकड़ा गया।
अधिकारियों ने बताया कि यह गिरफ्तारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) जी.एस. मलिक के निर्देश पर की गई। उन्होंने अवैध शराब, जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के साथ-साथ फरार आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए थे।
पुलिस के अनुसार, राज्य निगरानी प्रकोष्ठ के पुलिस सब-इंस्पेक्टर वी.के. राठौड़ को सूचना मिली थी कि गांधीनगर जिले के कोलवाड़ा गांव का रहने वाला नरेशभाई उर्फ नारियो रावल गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना ठिकाना बदल चुका है। वह अहमदाबाद के नरोदा इलाके में रानासन टोल प्लाजा के पास स्थित शांतिपथ रेजीडेंसी में रह रहा था।
सूचना मिलने के बाद टीम ने बताए गए पते पर छापा मारा और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद 21 जुलाई को सुबह करीब 2:30 बजे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 35(1)(जे) के तहत उसे हिरासत में ले लिया गया।
यह गिरफ्तारी बनासकांठा जिले के डीसा ग्रामीण पुलिस थाने में 2024 में दर्ज एक मामले के सिलसिले में की गई। इस मामले में गुजरात निषेध अधिनियम और जालसाजी व फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल से जुड़ी भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
आरोपी को आगे की जांच के लिए राज्य निगरानी प्रकोष्ठ को सौंप दिया गया है। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी के पास से 45,000 रुपये कीमत का आईफोन 17 प्रो मैक्स बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया है।
राज्य निगरानी प्रकोष्ठ के अनुसार, रावल 2023 से 2026 के बीच दर्ज शराबबंदी कानून से जुड़े सात मामलों में वांछित था। ये मामले गांधीनगर जिले के डीसा ग्रामीण, सेक्टर-21, पेठापुर और कलोल पुलिस थानों के साथ-साथ बनासकांठा जिले के पालनपुर पश्चिम पुलिस थाने में दर्ज हैं।
अधिकारियों का आरोप है कि रावल राजस्थान से भारतीय निर्मित विदेशी शराब (आईएमएफएल) की खेप मंगवाकर गुजरात के विभिन्न शहरों और जिलों में उसकी सप्लाई करता था।
अधिकारियों ने बताया कि रावल के खिलाफ राज्य में शराबबंदी कानून से जुड़े 35 से अधिक मामले दर्ज हैं। उसे गांधीनगर जिले के पेठापुर पुलिस थाने ने सूचीबद्ध शराब तस्कर घोषित किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जिला, सत्र और जेएमएफसी अदालतों समेत विभिन्न अदालतों में 10 आपराधिक मामलों की सुनवाई चल रही है। इनमें शराबबंदी कानून के उल्लंघन और व्यक्ति के खिलाफ अपराधों से जुड़े मामले शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, अदालत में बार-बार पेश नहीं होने पर उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। जांचकर्ताओं का आरोप है कि फरार रहने के दौरान भी वह अवैध शराब के कारोबार में शामिल रहा।
–आईएएनएस
एसएचके/पीएम
