नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। देश में चल रहे छात्र प्रदर्शन के समर्थन में अभिनेत्री सीमा पाहवा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर प्रदर्शन कर रहे छात्रों, उनके परिवारों और देश के प्रति अपना समर्थन जताया। उन्होंने इस मुद्दे पर चुप रहने वाले प्रभावशाली लोगों पर भी सवाल उठाए।
सीमा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया और कहा कि छात्रों को जिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है, वह बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि केवल अपने काम, पहचान और निजी हितों के बारे में सोचने के बजाय समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
अभिनेत्री ने कहा कि कई प्रभावशाली लोग इस मुद्दे पर इसलिए चुप हैं क्योंकि उन्हें डर है कि सरकार के खिलाफ बोलने से उनके काम और करियर पर असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में इंसानियत को प्राथमिकता दी जानी चाहिए और छात्रों के साथ खड़ा होना चाहिए।
सीमा पाहवा ने कहा कि जब युवा अपने भविष्य के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हों तो समाज के हर वर्ग को उनकी आवाज सुननी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि लोग केवल अपनी सुरक्षा और सुविधाओं के बारे में सोचेंगे तो यह समाज के लिए चिंता का विषय होगा।
उन्होंने कहा कि केवल काम रुक जाने या पुरस्कार नहीं मिलने के डर से चुप रहना उचित नहीं है। उनके अनुसार, देश को इस समय हर क्षेत्र के लोगों के समर्थन की जरूरत है और सभी को मानवता के पक्ष में आवाज उठानी चाहिए। सीमा ने कहा, ”सिर्फ काम रुक जाने या कुछ पुरस्कार न मिलने के डर से चुप रहना सही नहीं है। देश को इस समय हर क्षेत्र के लोगों के समर्थन की जरूरत है। हर इंसान की जरूरत है, लेकिन हम सब अपनी जगह बचाने की दौड़ में फंसे हुए हैं। हमें सोचना चाहिए कि असली गरिमा और इंसानियत को कैसे बचाया जाए।”
अभिनेत्री ने यह भी कहा कि जो छात्र आज सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं, उनके प्रति समाज को संवेदनशील होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जनता का समर्थन नहीं होगा तो कोई भी व्यवस्था लंबे समय तक लोगों का भरोसा कायम नहीं रख सकती।
सीमा पाहवा ने अभिनेत्री शबाना आजमी का भी उल्लेख करते हुए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि वह शबाना आजमी की प्रशंसक हैं क्योंकि उन्होंने छात्रों के समर्थन में आगे आकर अपनी बात रखी। सीमा ने कहा कि यदि वह अपनी निजी परिस्थितियों में व्यस्त नहीं होतीं तो स्वयं भी छात्रों के बीच पहुंचतीं।
अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में सीमा पाहवा ने लिखा, “मैं इन बच्चों के साथ हूं, इन परिवारों के साथ हूं, इस देश के साथ हूं।”
–आईएएनएस
पीके/एएस
