उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद महोबा में सील किए गए कोचिंग सेंटरों को 24 घंटे के भीतर खोलने को कहा गया है। चरखारी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने आज प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर यह निर्देश दिए है। उन्होंने कोचिंग संचालकों को सुरक्षा मानकों को पूरा करने के लिए एक महीने का समय देने को भी कहा है।
उल्लेखनीय है कि राजधानी लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में गत दिनों आग लगने की घटना के बाद, राज्य भर में कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन सख्त हो गया था। इसी क्रम में महोबा जिला प्रशासन ने भी सघन जांच अभियान चलाया और मानकों की अनदेखी करने वाले चार कोचिंग सेंटरों ओर पांच लाइब्रेरी को सील कर दिया था। इस कार्रवाई से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। समस्या से परेशान कोचिंग संचालकों ने चरखारी विधानसभा के भाजपा विधायक राजपूत से मदद मांगी।
