त्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं से अफरा-तफरी मच गई। पहली घटना विकासनगर इलाके में जूते-चप्पल की एक दुकान में हुई, जबकि दूसरी घटना चिनहट क्षेत्र के एक अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल पर सामने आई। दोनों मामलों में दमकल और पुलिस की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में जनहानि नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार, विकासनगर में महावीर इंटर कॉलेज के सामने स्थित बाजार में दोपहर करीब 12 बजे एक इमारत के भूतल और पहली मंजिल पर संचालित जूते-चप्पल की दुकान में आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर आसपास की इमारतों को खाली कराया गया और घरों में रखे एलपीजी सिलेंडर व अन्य ज्वलनशील सामान को सुरक्षित स्थान पर हटाया गया। दमकल की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
