चिकित्सा पाठ्यक्रमों (MBBS/BDS) में प्रवेश के लिए आगामी 21 जून को दोबारा आयोजित होने जा रही NEET-UG एग्जाम को लेकर केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) पूरी तरह मुस्तैद हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरूवार को एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने की रणनीति पर चर्चा की गई।
हाई-लेवल मीटिंग में शिक्षा मंत्री के कड़े निर्देश
हाइब्रिड मोड (ऑनलाइन और ऑफलाइन) में आयोजित इस बेहद अहम बैठक में शिक्षा मंत्रालय, राज्य सरकारों, एनटीए और उच्च शिक्षण संस्थानों के 222 वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रक्रिया में ईमानदारी, पारदर्शिता और कुशलता के उच्चतम मानकों को हर हाल में बनाए रखना होगा।
मंत्रालय द्वारा तैनात विशेष अधिकारी सभी राज्यों में जाकर परीक्षा व्यवस्था का समन्वय करेंगे और सीधे एनटीए महानिदेशक की अध्यक्षता वाले कंट्रोल रूम को रिपोर्ट करेंगे।
राज्य सरकारों के नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे केंद्रों पर छात्रों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करें ताकि वे बिना किसी मानसिक दबाव के परीक्षा दे सकें।
