नई दिल्ली, 18 जून (आईएएनएस)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम की तरफ से सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम रखने वाले अनुभवी खिलाड़ी मनप्रीत सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने फिटनेस को दिया है। मनप्रीत ने कहा है कि अपनी फिटनेस पर ध्यान देने की वजह से ही इतने लंबे समय तक वह देश के लिए खेल पाए हैं।
मीडिया से बातचीत के दौरान मनप्रीत सिंह ने आईएएनएस के एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय टीम में बने रहने के लिए उम्र या अनुभव की परवाह किए बिना लगातार सुधार की जरूरत होती है। जैसे-जैसे मैचों की संख्या बढ़ेगी, मुझे अपनी फिटनेस भी बढ़ानी होगी क्योंकि अगर मैं फिट नहीं रहा, तो मैं टीम में अपनी जगह नहीं बना पाऊंगा।”
मनप्रीत ने कहा, “कोचिंग स्टाफ का हमेशा से यह संदेश रहा है कि प्रदर्शन और चयन फिटनेस से बहुत करीब से जुड़े हैं। कोच की तरफ से यह साफ है कि अगर आपको टीम में बने रहना है, तो आपको फिट रहना होगा। फिटनेस बनाए रखना साल भर की प्रतिबद्धता है। कॉम्पिटिशन से ब्रेक के दौरान भी लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है।”
उन्होंने कहा, “जब भी मैं ब्रेक पर होता हूं या कैंप में होता हूं, तो मैं फिट रहने के लिए अपना फिटनेस रूटीन जारी रखता हूं। अगर मुझे इंडिया के लिए खेलना है, तो मुझे खुद को फिट रखना होगा और अपनी फिटनेस के लिए मैंने बहुत मेहनत की है। मैंने अपने डाइट का ध्यान रखा है।”
मनप्रीत ने कहा कि कुछ सालों में खेल की मांग काफी बढ़ गई है। ऐसे में फिटनेस पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
413 मैच खेल चुके मनप्रीत ने 2011 में भारत के लिए डेब्यू किया था। वह मिडफील्डर के रूप में खेलते हैं और टीम के एक बेहद अहम अंग हैं। पिछले एक दशक में भारतीय हॉकी के ग्राफ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने और ओलंपिक जैसे बड़े मंच पर टीम को सफलता दिलाने में मनप्रीत सिंह का बड़ा योगदान रहा है।
–आईएएनएस
पीएके
