राष्ट्रपति ट्रंप का अमेरिका-ईरान डील पर सवाल उठाने वालों को जवाब, 'ये बुरे लोग हैं'


वाशिंगटन, 18 जून (आईएएनएस)। अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कई लोग दोनों देशों के बीच हुए समझौते को ईरान की जीत बता रहे हैं। चर्चा इस बात की भी है कि ईरान के साथ इस डील को करना अमेरिका के लिए काफी मुश्किल था और उन्हें झुकना पड़ा। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस पर प्रतिक्रिया जाहिर की है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, “ये या तो जलनशील या फिर बुरे लोग हैं, जो सोचते हैं कि मैं ईरान पर काफी सख्त नहीं रहा, जबकि स्टॉक मार्केट अभी रिकॉर्ड ऊंचाई पर है और तेल की कीमतें गिर रही हैं।”

अमेरिका और ईरान के बीच 14 सूत्री समझौते पर डिजिटल माध्यम से हस्ताक्षर हुआ। समझौते पर हस्ताक्षर करने से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने मीडिया से बातचीत में बार-बार इस डील को तेल की कीमतों में गिरावट और शेयर बाजार में तेजी से जोड़ा।

उन्होंने कहा, “हर बार जब हमने शांति की संभावना पर बात की, शेयर बाजार रॉकेट की तरह ऊपर चला गया।” उन्होंने उन रूढ़िवादी आलोचकों की टिप्पणी को भी खारिज कर दिया, जो मानते थे कि ईरान पर सैन्य दबाव बनाए रखा जाना चाहिए था।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने 2020 में ईरानी सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी को मारने के अपने फैसले और ईरानी सेना और परमाणु सुविधाओं पर हाल के हमलों की ओर इशारा करते हुए कहा कि मुझसे ज्यादा ताकतवर कोई नहीं था।

राष्ट्रपति ने कहा कि यह समझौता ईरान को परमाणु हथियार बनाने या हासिल करने से रोकेगा। ईरान इस बात पर सहमत हो गया है कि वह न तो परमाणु हथियार बनाएगा और न ही खरीदेगा। अगर वे समझौते का सम्मान नहीं करते हैं तो हम शायद तब तक उन पर बमबारी करते रहेंगे, जब तक वे इसका सम्मान नहीं करते।

ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान को आर्थिक राहत उसके व्यवहार पर निर्भर करेगी। उन्होंने कहा, “अगर वे सही काम कर रहे हैं, अगर लोग निवेश करना चाहते हैं तो वे निवेश कर सकते हैं, लेकिन हम पैसा नहीं लगा रहे हैं।” समझौते का बचाव करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने माना कि यह एक एमओयू है, जो बहुत जरूरी है।

–आईएएनएस

केके/एबीएम


Related Articles

Latest News