केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का जन्मदिन: सीएम योगी, नायब सैनी समेत कई नेताओं ने दी बधाई


नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के जन्मदिन पर कई राज्यों के मुख्यमंत्री समेत कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। तमाम नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनके दूरदर्शी नेतृत्व, सड़क अवसंरचना के विकास और राष्ट्रसेवा में योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पोस्ट में लिखा, “भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य, दूरदर्शी एवं कर्मठ जननेता केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई‌। भगवान श्री सिद्धिविनायक से आपके स्वस्थ, सुदीर्घ एवं आरोग्यमय जीवन की प्रार्थना है।”

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लिखा, “भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके दूरदर्शी नेतृत्व में देश को उच्च गुणवत्ता वाले हाईवे और एक्सप्रेसवे की नई सौगात मिली है, जिसने भारत की विकास यात्रा को नई गति प्रदान की है। देश में तेजी से बढ़ रहे बेहतर सड़क संपर्क ने न केवल यात्रा को आसान बनाया है, बल्कि उद्योग, व्यापार, लॉजिस्टिक्स और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दी है। विकसित भारत के निर्माण में आधुनिक सड़क अवसंरचना की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, और इस दिशा में आपका योगदान प्रेरणादायी है।”

सीएम सैनी ने आगे कहा, “योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण जी से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ, ऊर्जावान एवं दीर्घायु रहें तथा राष्ट्रसेवा में निरंतर अपना अमूल्य योगदान देते रहें।”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लिखा, “भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। दिल्ली के विकास, कनेक्टिविटी और प्रगति के लिए आपका सहयोग और मार्गदर्शन सदैव प्रेरणादायी रहा है। गणपति बप्पा से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करती हूं।”

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लिखा, “केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना है।”

भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने लिखा, “केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके कुशल नेतृत्व, सरल व्यक्तित्व एवं विकास के प्रति समर्पित कार्यशैली ने देश के आधारभूत ढांचे को नई दिशा और गति प्रदान की है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर जनसेवा के लिए मंगलकामनाएं।”

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा, “भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, आपको जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम जी से आपके आरोग्यपूर्ण एवं सुखद जीवन की कामना करता हूं।”

–आईएएनएस

पीएसके


Related Articles

Latest News