यूपी: ललित कला अकादमी ने 15 साल बाद फिर शुरू की दृश्य कला योजना, कलाकारों को मिलेंगे 15 हजार रुपये

राज्य ललित कला अकादमी ने दृश्य कला के युवा एवं नवोदित कलाकारों को फिर से प्रोत्साहित करने की तैयारी की है। यह योजना पिछले 15 वर्षों से बंद थी।अकादमी अब इस योजना के तहत चयनित कलाकारों को प्रदर्शनी के आयोजन के लिए तीन गुणा अधिक धनराशि देगी। पहले यह राशि पांच हजार रुपये दी जाती थी। अब 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके लिए 19 मई तक आवेदन करना होगा।

अकादमी के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि चित्रकला, लोककला, मूर्तिकला, रेखांकन, ग्राफिक, फोटोग्राफी एवं व्यावसायिक कला के युवाओं को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें एकल प्रदर्शनी के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके लिए ललित कला में बीएफए या बीवीए की उपाधि प्राप्त कलाकार ही आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन पत्र अकादमी की वेबसाइट https://upslka.com या फेसबुक पेज State Lalit kala Akademi से डाउनलोड कर सकते हैं। आवेदन पत्र भर कर राज्य ललित कला अकादमी कार्यालय, लाल बारादरी, कैसरबाग भेजना होगा। चयनित कलाकार प्रदेश या देश में कहीं भी प्रदर्शनी लगा सकेंगे। उन्हें प्रदर्शनी का ब्रोशर और आयोजन का प्रमाण अकादमी को उपलब्ध कराना होगा।

अकादमी की बंद योजनाओं को पुन: शुरू किया जा रहा है। 31 वर्षों से बंद छापा कला योजना के तहत हाल ही में ललित कला अकादमी अलीगंज में शिविर लगाया गया। मूर्तिकला की योजना भी 45 वर्षों से ठप थी। इसका शिविर वाराणसी में आयोजित किया गया। इसी क्रम में दृश्य कला प्रोत्साहन योजना के कलाकारों को अब 15 हजार रुपये दिए जाएंगे।

– डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा, अध्यक्ष, राज्य ललित कला अकादमी

Related Articles

Latest News