विश्व का सबसे विशाल एकल-इकाई क्षमता वाला अपतटीय पवन ऊर्जा प्लेटफॉर्म स्थापित


बीजिंग, 3 मई (आईएएनएस)। चाइना थ्री गॉर्जेस कॉर्पोरेशन ने रविवार को घोषणा की कि समूह के नेतृत्व में विकसित और निर्मित विश्व का सबसे विशाल एकल-इकाई क्षमता वाला 16 मेगावाट का तैरता हुआ अपतटीय पवन ऊर्जा प्लेटफॉर्म ‘थ्री गॉर्जेस नेविगेटर’ 2 मई की शाम को क्वांगतोंग प्रांत के यांगच्यांग तट के पास सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया है। यह गहरे समुद्र में पवन ऊर्जा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में चीन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

‘थ्री गॉर्जेस नेविगेटर’ तट से 70 किलोमीटर से अधिक दूर गहरे समुद्र में, 50 मीटर से अधिक की गहराई वाले जलक्षेत्र में स्थित है। इसमें 16 मेगावाट की अति-क्षमता वाली पवन टरबाइन, एक अर्ध-जलमग्न तैरता हुआ प्लेटफॉर्म और एक नई लंगर प्रणाली शामिल है।

जिस क्षेत्र में ‘थ्री गॉर्जेस नेविगेटर’ स्थित है, वहां अधिकतम लहरों की ऊंचाई 20 मीटर से अधिक और हवा की गति 73 मीटर प्रति सेकंड तक पहुंच जाती है, जिससे इसकी स्थापना और संचालन में महत्वपूर्ण चुनौतियां उत्पन्न होती हैं।

अपनी स्थिर लंगर क्षमताओं के आधार पर, ‘थ्री गॉर्जेस नेविगेटर’ चीन के अपतटीय पवन ऊर्जा क्षेत्र में सक्रिय गिट्टी प्रणाली का उपयोग करने वाला पहला प्लेटफॉर्म है। पवन टरबाइन के नियमित संचालन के दौरान, यह प्रणाली प्लेटफॉर्म की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तीन स्तंभ टैंकों में जल स्तर को स्वचालित रूप से समायोजित करती है, जिससे हवा और लहरों में टरबाइन का हिलना-डुलना प्रभावी रूप से कम हो जाता है और टरबाइन का स्थिर संचालन सुनिश्चित होता है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

–आईएएनएस

एबीएम/


Related Articles

Latest News