कार्डिफ, 8 जून (आईएएनएस)। विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत से पहले वार्म-अप में भारत ने वेस्टइंडीज के विरुद्ध 26 रन से जीत हासिल की। यह मुकाबला सोमवार को सोफिया गार्डन्स में खेला गया।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 179 रन बनाए। टीम इंडिया को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 5.2 ओवरों में 59 रन की साझेदारी की।
मंधाना 23 गेंदों में 8 चौकों के साथ 39 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। कुछ देर बाद शेफाली वर्मा (29) और जेमिमा रोड्रिगेज (7) भी आउट हो गईं। 85 के स्कोर तक टीम ने अपने 3 बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे।
यहां से यास्तिका भाटिया ने भारती फुलमाली के साथ चौथे विकेट के लिए 44 गेंदों में 61 रन जुटाते हुए टीम के स्कोर को बढ़ाया। यास्तिका ने 26 गेंदों में 6 चौकों के साथ 36 रन की पारी खेली, जबकि भारती ने 40 गेंदों में 7 बाउंड्री के साथ नाबाद 56 रन बनाए। विपक्षी खेमे से एफी फ्लेचर ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए,जबकि करिश्मा रामह्रैक, आलिया एलीन और डिएंड्रा डॉटिन ने 1-1 विकेट निकाले।
इसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट गंवाकर सिर्फ 153 रन ही बना सकी। सलामी जोड़ी के रूप में डॉटिन ने शेमाइन कैंपबेल के साथ 9 ओवरों में 63 रन की साझेदारी की। कैंपबेल 22 गेंदों में 25 रन बनाकर रियाटर्ड आउट हुईं, जबकि डॉटिन ने 44 गेंदों में 49 रन बनाए। उनकी इस पारी में 8 चौके शामिल रहे।
इनके अलावा, आलिया एलीन ने 13 रन, जबकि जानिलिया ग्लासगो और शॉनिशा हेक्टर ने 19-19 रनों का योगदान टीम के खाते में दिया। भारत की तरफ से श्रेयंका पाटिल ने 36 रन देकर 4 विकेट निकाले। राधा यादव ने 25 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। भारतीय टीम अपना अगला वार्म-अप मैच 10 जून को डर्बी के काउंटी ग्राउंड में मेजबान इंग्लैंड के विरुद्ध खेलेगी।
–आईएएनएस
आरएसजी
