Tuesday, February 24, 2026

उत्तराखंड में महिला पर भालूओं के झुंड ने किया हमला, गंभीर रूप से घायल


नैनीताल, 15 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तराखंड में वन्य जीवों का आतंक कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। नैनीताल से लगे सौड़ गांव में घास लाने गयी महिला भालूओं के झुंड द्वारा किये गए हमले में गंभीर रूप से घायल हो गयी।

महिला को किसी तरह साथ में मौजूद अन्य लोगों ने छुड़ाया।

सौड़ गांव की खष्टी देवी अपने खेत के पास जंगल में मवेशियों के लिये घास लेने गई थी। इस दौरान तीन भालुओं ने उस पर हमला कर दिया। पास ही मौजूद अन्य नीरज बिष्ट, पुष्कर बिष्ट, दीपा जोशी, सुनीता उसके साथ मौजूद थे।

नीरज और पुष्कर ने साहस का परिचय देते हुए भालूओं पर डंडे और पत्थरों से हमला कर खष्टी देवी को उनके चंगुल से छुड़ाया।

लहूलुहान स्थिति मे महिला को ग्रामीणों की मदद से उपचार के लिए बीडी पाण्डे जिला चिकित्सालय लाया गया जहां उसका उपचार चल रहा है।

ग्राम प्रधान वीरेंद्र बिष्ट ने बताया कि गांव के जंगलों में भालू आम बात है, लेकिन खेत के पास जंगल में पहले कभी नहीं देखा गया। पहली बार उन्होंने भालू को खेत के पास देखा है। गांव के लोग जानवरों के लिए चारा लेने जाते हैं और अब ग्रामीणों के लिए खतरा बढ़ गया है।

उन्होंने वन विभाग से भालुओं के हमले से निजात दिलाने की मांग की है।

–आईएएनएस

स्मिता/एसकेपी


Related Articles

Latest News