भूषण कुमार और विवेक अग्निहोत्री ने गुरुवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर फिल्म बनाने का ऐलान किया है। यह फिल्म पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में भारतीय सेना की कार्रवाई से प्रेरित होगी।
फिल्म लेफ्टिनेंट जनरल के.जे.एस. ढिल्लों (रिटायर्ड) की किताब “ऑपरेशन सिंदूर: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ इंडियाज डीप स्ट्राइक्स इनसाइड पाकिस्तान” पर आधारित होगी। इसका डायरेक्शन विवेक अग्निहोत्री करेंगे।
फिल्म को लेकर भूषण कुमार ने कहा कि यह कहानी खुद सामने आई है और इसे जिम्मेदारी के साथ दिखाना जरूरी है। उन्होंने इसे देश की एक अहम घटना को दर्ज करने की कोशिश बताया।
वहीं, निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने कहा कि फिल्म के लिए भारतीय सेना के अलग-अलग विभागों के साथ मिलकर गहराई से रिसर्च किया गया, ताकि घटनाओं को सही तरीके से समझा जा सके।
विवेक अग्निहोत्री ने यह भी कहा कि उनकी कोशिश इस कहानी को सही और असली रूप में दर्शकों तक पहुंचाने की है। उन्होंने इसे गंभीर और सटीक तरीके से पेश करने की बात कही। फिल्म से जुड़ी अन्य जानकारी जल्द जारी की जाएगी।
