विप्रो का मुनाफा वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में 4.7 प्रतिशत गिरा, आय भी करीब सपाट रही

मुंबई, 16 जुलाई (केसरिया न्यूज़)। दिग्गज आईटी कंपनी विप्रो ने गुरुवार को वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी का मुनाफे में तिमाही आधार पर 4 प्रतिशत से अधिक की गिरावट देखने को मिली है। साथ ही, इस दौरान आय में मामूली एक प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

कंपनी की ओर से एक्सचेंज फाइलिंग में कहा गया कि वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में उसका कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा तिमाही आधार पर 4.7 प्रतिशत कम होकर 3,352 करोड़ रुपए हो गया है। सालाना आधार पर यह करीब सपाट रहा है।

वित्त वर्ष 27 की जून तिमाही में कंपनी की सकल आय तिमाही आधार पर एक प्रतिशत और सालाना आधार पर 10.6 प्रतिशत बढ़कर 24,480 करोड़ रुपए रही है।

परिचालन स्तर पर, तिमाही के दौरान आईटी सेवाओं का परिचालन मार्जिन 16 प्रतिशत रहा, जो पिछली तिमाही की तुलना में 1.3 प्रतिशत अंक और पिछले वर्ष की समान तिमाही की तुलना में 1.2 प्रतिशत कम है।

वित्त वर्ष 27 की जून तिमाही में ऑपरेटिंग कैश फ्लो तिमाही आधार पर 3.6 प्रतिशत बढ़कर 3,290 करोड़ रुपए हो गया है और यह इस तिमाही में कंपनी की शुद्ध आय का 98 प्रतिशत रहा।

कंपनी की वॉलंटरी एट्रिशन रेट पिछले 12 महीनों के आधार पर 13.9 प्रतिशत रही।

विप्रो ने गाइडेंस में कहा कि उसके आईटी सेवा कारोबार की आय 1.5 प्रतिशत की गिरावट से लेकर 0.5 प्रतिशत की वृद्धि के दायरे में रह सकती है।

विप्रो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक (एमडी) श्रीनी पल्लिया ने कहा, “ग्राहक अब केवल तकनीकी आधुनिकीकरण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे एआई-सक्षम परिचालन मॉडल अपना रहे हैं, जो गुणवत्ता, मजबूती और उत्पादकता में सुधार करते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “विप्रो का कंसल्टिंग-आधारित और एआई-संचालित दृष्टिकोण ग्राहकों को उनके व्यवसाय के केंद्र में एआई को शामिल करने में मदद करता है। ये साझेदारियां हमारी व्यापक क्षमताओं और परिवर्तन साझेदार के रूप में ग्राहकों के हमारे प्रति भरोसे को दर्शाती हैं।”

तिमाही नतीजों के अलावा, कंपनी के निदेशक मंडल ने प्रति इक्विटी शेयर 2 रुपए के अंतरिम लाभांश की भी घोषणा की।

गुरुवार को बीएसई पर विप्रो का शेयर 1.83 प्रतिशत की बढ़त के साथ 177.80 रुपए पर बंद हुआ।

हालांकि, पिछले छह महीनों में कंपनी का शेयर 33.56 प्रतिशत और पिछले एक वर्ष में 32.38 प्रतिशत गिर चुका है। वहीं, बीते पांच वर्षों में इसमें 38.49 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।

–केसरिया न्यूज़

Related Articles

Latest News