विक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब सरकार पर साधा निशाना, बोले-केजरीवाल की सेवा जारी पर पंजाब अंधेरे में है


चंडीगढ़, 28 जून (आईएएनएस)। शिरोमणि अकाली दल के नेता विक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। विक्रम सिंह मजीठिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “पंजाब सरकार अपने सभी वादों से पीछे हट गई है। किसानों को खेती के लिए बिजली नहीं मिल रही है। वर्तमान में किसान अपनी फसल बचाने के लिए जेनरेटर में महंगा डीजल जलाने को मजबूर हैं।”

विक्रम सिंह मजीठिया ने लिखा, “ऐसे समय में किसानों को सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करने के लिए अपने खेत छोड़ने पड़ रहे हैं। सरकार को अपनी विज्ञापन वाली चालें बंद करनी चाहिए, पंजाब के किसानों पर ध्यान देना चाहिए और खेती के लिए बिना रुकावट बिजली की सप्लाई सुनिश्चित करनी चाहिए।”

उन्होंने एक और पोस्ट में लिखा कि पंजाब सरकार पहले से ही संकट से जूझ रहे किसान समुदाय की मुश्किलें और बढ़ा रही है। किसानों को न तो यूरिया खाद मिल रही है और न ही बिजली की लंबी कटौती के कारण धान की फसल सूख रही है। किसानों को विरोध-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। मजीठा विधानसभा क्षेत्र के कथूनंगल टोल प्लाजा पर किसानों ने सरकार के खिलाफ धरना दिया और प्रदर्शन किया। ये हालात सिर्फ मजीठा विधानसभा क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि पूरे पंजाब में हैं।

एक और पोस्ट में मजीठिया ने लिखा, “केजरीवाल की सेवा जारी है और पंजाब अंधेरे में है! मजीठा समेत पूरे पंजाब में घंटों बिजली कटौती से धान के किसान परेशान हैं। मोटरें बंद पड़ी हैं, जनरेटर चल रहे हैं और आम पंजाबी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आगे लिखा कि ‘गुरु द्रोही’ भगवंत मान ने कभी दावा किया था कि मोटरें बंद करके भी धान की रोपाई की जा सकती है। आज किसानों के पास कोई चारा नहीं है क्योंकि बिजली ही नहीं है।

उन्होंने लिखा कि जैसे-जैसे बिजली की मांग बढ़ रही है, बिजली कटौती भी बढ़ रही है। सरकार को किसानों, धान की फसल या आम पंजाबियों की कोई परवाह नहीं है। सरकार अरविंद केजरीवाल को वीआईपी सेवा देने में व्यस्त है, जबकि पंजाब के किसान अपने खेतों में बिजली का इंतजार कर रहे हैं।

–आईएएनएस

एसडी/पीएम


Related Articles

Latest News