UP: केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान ने की पीएम ग्राम सड़क योजना और ‘वीबी-जी राम जी’ की समीक्षा, बोले- प्रधानों की भुगतान संबंधी दिक्कतें जल्द होंगी दूर

भारत सरकार में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने बाराबंकी जनपद का दौरा किया। इस दौरान वह भाजपा के पूर्व सांसद उपेंद्र सिंह रावत के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने जिले के प्रधानों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) ‘वीबी-जी राम जी’ के कार्यान्वयन की समीक्षा की।केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि मनरेगा में कई प्रकार की त्रुटियां थीं और बड़े स्तर पर अनियमितताओं एवं घोटालों की शिकायतें सामने आ रही थीं। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ‘वीबी-जी राम जी’ योजना लेकर आई है। उन्होंने कहा कि इस नई योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर वह विभिन्न जिलों का दौरा कर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनने वाली नई कार्ययोजनाओं पर भी अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर केंद्र सरकार के मंत्री और विभागीय अधिकारी जिला स्तर पर पहुंचकर योजनाओं की प्रगति का आकलन कर रहे हैं। इसी क्रम में वह बाराबंकी पहुंचे हैं।

Related Articles

Latest News