फैजुल्लागंज बंधा रोड के आसपास स्थित यश नगर, अम्बर बिहार और कृष्ण लोक कॉलोनी में भूजल स्तर लगातार नीचे खिसकने से हजारों परिवार भीषण पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। अधिकांश घरों के समरसेबल सूख जाने के कारण करीब बड़ी संख्या में लोगों के सामने पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। हालात ऐसे हैं कि अब समरसेबल बोरिंग में पाइप बढ़वाने का विकल्प भी लगभग समाप्त हो चुका है।
यश नगर में मयंक स्वीट हाउस के पीछे के इलाके में करीब 1500 लोगों को पिछले कई दिनों से तीव्र दुर्गंधयुक्त जलापूर्ति झेलनी पड़ रही है। दूषित पानी की आपूर्ति से लोगों में संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है। आरोप है कि पिछले एक सप्ताह से क्षेत्रवासी लगातार पार्षद और नगर निगम के कंट्रोल रूम में शिकायतें दर्ज करा रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। अधिकारियों की उदासीनता से लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
