UP: 1 जुलाई से स्कूल चलो अभियान का दूसरा चरण, CM योगी बोले- हर बच्चे को स्कूल पहुंचाना सबकी जिम्मेदारी

 उत्तर प्रदेश में एक जुलाई से ‘स्कूल चलो अभियान’ का दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों, अभिभावकों और शिक्षकों से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश का भविष्य तभी उज्ज्वल होगा, जब हर बच्चा शिक्षा से जुड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को जारी अपने संदेश में कहा कि 1 जुलाई से 15 जुलाई तक चलने वाले अभियान का उद्देश्य कक्षा 1 से 12वीं तक शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना, स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा से जोड़ना और नए शैक्षणिक सत्र में प्रवेश अभियान को गति देना है।

जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है शिक्षा : CM योगी

उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और विद्यालय वह पवित्र स्थान है, जहां बच्चों के ज्ञान, संस्कार, व्यक्तित्व और चरित्र का निर्माण होता है। प्राचीन गुरुकुल परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज के विद्यालय उसी परंपरा का आधुनिक स्वरूप हैं, जहां विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ अनुशासन, जीवन-मूल्य और राष्ट्र निर्माण की भावना भी सिखाई जाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कोई बच्चा पहली बार स्कूल की चौखट पार करता है तो उसके साथ पूरा परिवार, गांव और समाज भी आगे बढ़ता है। इसी सोच के साथ प्रदेश सरकार ने प्रोजेक्ट अलंकार के माध्यम से माध्यमिक विद्यालयों के आधुनिकीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का कार्य किया है।

Related Articles

Latest News