भीषण गर्मी और लगातार बढ़ती बिजली मांग के बीच उत्तर प्रदेश ने बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने 24 मई की रात 10:29 बजे 31,824 मेगावाट पीक डिमांड की सफल आपूर्ति कर देश में सबसे अधिक बिजली उपलब्ध कराने वाला राज्य बनने का दावा किया है। इस दौरान महाराष्ट्र में 29,463 मेगावाट बिजली आपूर्ति दर्ज की गई।
ऊर्जा विभाग के मुताबिक ,यह उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के किसी भी राज्य द्वारा अब तक की गई सबसे अधिक विद्युत आपूर्ति है। इससे पहले 11 जून 2025 को 31,486 मेगावाट पीक डिमांड आपूर्ति का रिकॉर्ड दर्ज हुआ था। ऊर्जा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 24/25 मई की रात एक बजे 29,933 मेगावाट, रात तीन बजे 30,569 मेगावाट और 25 मई की दोपहर दो बजे 29,616 मेगावाट बिजली आपूर्ति की गई। भीषण गर्मी के बावजूद प्रदेश में व्यापक स्तर पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने का प्रयास किया गया।
ऊर्जा मंत्री बोले- देश में सबसे ज्यादा बिजली दे रहा यूपी
ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि भीषण गर्मी और कठिन परिस्थितियों के बावजूद बिजलीकर्मी लगातार फील्ड में काम कर रहे हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे विद्युत कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाएं और बिजली का संयमित उपयोग करें।
रिकॉर्ड मांग के बीच सिस्टम की बड़ी परीक्षा
प्रदेश में मई माह के दौरान तापमान बढ़ने के साथ बिजली की मांग लगातार नए स्तर छू रही है। स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर के अनुसार रात के समय एयर कंडीशनर और कूलिंग उपकरणों के अधिक उपयोग के कारण पीक डिमांड तेजी से बढ़ी। इसके बावजूद ग्रिड प्रबंधन और अतिरिक्त बिजली खरीद के जरिए आपूर्ति संतुलित रखी गई।
