UP: सीतापुर में बनेगा 250 मेगावाट का विशाल सोलर पावर प्लांट, रक्षा मंत्रालय ने परियोजना को दी मंजूरी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के सीतापुर में रक्षा मंत्रालय की करीब 850 एकड़ खाली जमीन पर 250 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र को स्थापित करने की मंजूरी दे दी है। रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को इस परियोजना को नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने और रक्षा क्षेत्र की खाली पड़ी जमीनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में एक ‘बड़ा कदम’ करार दिया। 

बिजली उत्पादन के साथ बचेगा सरकारी खजाना

मंत्रालय द्वारा शुरू की गई यह अपनी तरह की पहली परियोजना है, जिसमें रक्षा भूमि पर एकीकृत बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस) के साथ बड़े पैमाने पर सौर ऊर्जा उत्पादन संयंत्र का विकास किया जाएगा। एक बयान में कहा गया कि यह पहल स्वच्छ ऊर्जा, स्थिरता और पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। 

एनटीपीसी (NTPC) लगाएगी सोलर प्लांट

बयान में कहा गया कि एनटीपीसी लिमिटेड रक्षा प्रतिष्ठानों के लिए सबसे अनुकूल ऊर्जा मूल्य निर्धारण और बचत हासिल करने के लिए एक प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के माध्यम से परियोजना को लागू कर रही है। बयान के मुताबिक यह परियोजना रक्षा मंत्रालय (सेना) के एकीकृत मुख्यालय और रक्षा संपदा महानिदेशालय (डीजीडीई) के समन्वय में कार्यान्वित की जाएगी। 

दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा होगी मजबूत

इसमें कहा गया, ” यह परियोजना राष्ट्रीय सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, तकनीकी नवाचार और पर्यावरणीय स्थिरता के संगम का प्रतिनिधित्व करती है, जो रणनीतिक हितों की रक्षा करते हुए राष्ट्रीय विकास लक्ष्यों के समर्थन में अपनी संपत्तियों का लाभ उठाने के लिए रक्षा मंत्रालय की प्रतिबद्धता को उजागर करती है।”

Related Articles

Latest News