पटना, 23 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, जातीय राजनीति और परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देश इस समय वैश्विक संकट के दौर से गुजर रहा है और सरकार हालात को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि जहां तक संभव हो, खर्चों में कटौती करें और ऊर्जा की बचत करें।
उन्होंने कहा कि सरकार ने लंबे समय तक पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित रखने की कोशिश की, लेकिन मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों और युद्ध जैसे हालात के कारण ऐसा लंबे समय तक संभव नहीं हो सका।
उन्होंने कहा कि इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव का असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ा है। ऐसे हालात में तेल की कीमतों में बढ़ोतरी स्वाभाविक है। हालांकि उन्होंने भरोसा जताया कि यह स्थिति अस्थायी है और जैसे ही अंतरराष्ट्रीय हालात सामान्य होंगे, महंगाई और ईंधन की कीमतों में भी राहत देखने को मिलेगी।
उन्होंने स्वीकार किया कि कीमतों में वृद्धि से आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है, लेकिन सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है कि जनता को कम से कम परेशानी हो।
राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग पासवान ने कहा कि अपराध को जाति और धर्म के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में भी अगर युवा जात-पात और धर्म के आधार पर राजनीति की भाषा बोलते हैं, तो यह स्वीकार्य नहीं है। अपराधी सिर्फ अपराधी होता है, और जिसने अपराध किया है, उसे कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए।
बता दें कि पिछले दिनों नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बिहार में सम्राट चौधरी की सरकार के शपथ ग्रहण के बाद एनकाउंटर पर सवाल उठाए थे। तेजस्वी ने कहा था कि मुख्यमंत्री जाति देखकर एनकाउंटर करा रहे हैं, लेकिन जो घटना हमने बताई है, उनका एनकाउंटर कब होगा?
चिराग पासवान ने कहा कि देश में लंबे समय तक जातीय और धार्मिक आधार पर राजनीति होती रही है, लेकिन अब युवाओं को इससे ऊपर उठकर विकास और राष्ट्रहित की राजनीति को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज को बांटने वाली राजनीति से देश का नुकसान होता है।
वहीं, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के डायरेक्टर जनरल अभिषेक सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग पासवान ने कहा कि परीक्षा प्रणाली से जुड़ी गड़बड़ियां गंभीर विषय हैं। उन्होंने कहा कि केवल बयान देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि जांच और सख्त कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और व्यवस्था को अधिक पारदर्शी तथा संवेदनशील बनाया जाएगा।
–आईएएनएस
एसएके/डीकेपी
