गुवाहाटी, 10 मई (आईएएनएस)। असम में नई सरकार के गठन को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। इस संबंध में असम के मुख्यमंत्री कार्यालय ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक आधिकारिक पोस्ट साझा करते हुए राज्यपाल की ओर से जारी आदेश की जानकारी दी। पोस्ट में बताया गया कि हिमंता बिस्वा सरमा को संविधान के अनुच्छेद 164(1) के तहत असम का मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया है।
असम मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक्स पोस्ट में लिखा, “भारत के संविधान के अनुच्छेद 164 (1) के तहत राज्यपाल ने डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा को असम का मुख्यमंत्री नियुक्त किया है। शपथ ग्रहण समारोह 12 मई, 2026 को सुबह 11:40 बजे खानापारा, गुवाहाटी में आयोजित होने वाला है। इससे पहले डॉ. हिमंता बिस्वा ने अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया।”
राज्यपाल द्वारा जारी आधिकारिक आदेश में भी यही उल्लेख किया गया है कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 164(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए असम के राज्यपाल ने डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा को मुख्यमंत्री नियुक्त किया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उनका शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को सुबह 11:40 बजे वेटरनरी कॉलेज फील्ड, खानापारा, गुवाहाटी में आयोजित होगा।
इससे पहले, भाजपा विधायक दल और एनडीए विधायक दल की बैठक में हिमंता बिस्वा सरमा को सर्वसम्मति से नेता चुना गया।
नई सरकार के गठन की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए भाजपा ने केंद्रीय नेतृत्व की ओर से खास जिम्मेदारी सौंपी थी। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को पर्यवेक्षक बनाया था, जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। दोनों नेताओं ने असम में विधायक दल की बैठक और सरकार गठन की प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाई।
हिमंता बिस्वा सरमा के व्यक्तिगत जीवन की बात करें तो उनका जन्म 1 फरवरी 1969 को गुवाहाटी, असम में हुआ था। उन्होंने गुवाहाटी विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में एमए और पीएचडी की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा उन्होंने एलएलबी की पढ़ाई भी की है। उनकी पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा एक उद्यमी हैं। उनके परिवार में एक बेटा नंदील और एक बेटी सुकन्या हैं।
–आईएएनएस
पीएसके/एबीएम
