' नागरिक मजबूत बनेंगे, तभी देश मजबूत बनेगा', 'संडे ऑन साइकिल' इवेंट में बोले जीएसटी के अतिरिक्त निदेशक नरेंद्र यादव


नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। देशभर में फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाने के मकसद के साथ हर रविवार को फिट इंडिया मूवमेंट के तहत ‘संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन किया जाता है। हर रविवार को समाज के अलग-अलग वर्ग को इस आयोजन का हिस्सा बनाया जाता है। रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ के 74वें संस्करण का हिस्सा जीएसटी और कस्टम विभाग के अधिकारी बने।

इस इवेंट का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को फिट रहने का संदेश देना है। जीएसटी अतिरिक्त निदेशक और फिट इंडिया के ब्रांड एंबेसडर नरेंद्र कुमार यादव ने पत्रकारों संग बातचीत करते हुए कहा, “यह रविवार को साइकिल फिट इंडिया पर हमारा रेगुलर इवेंट है। मैं इस इवेंट का ब्रांड एंबेसडर हूं, हम इसका हर रविवार को पूरे देश में आयोजन करते हैं। जैसा कि पीएम मोदी ने लोगों से अपील की है, साइकिल न केवल हमारी स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए, बल्कि हमारे देश की अर्थव्यवस्था के लिए भी जरूरी है, क्योंकि यह हमें ईंधन बचाने में मदद कर रही है।”

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आपको जहां भी, जब भी मौका मिले साइकिल जरूर चलाएं। नरेंद्र कुमार ने कहा कि अगर नागरिक मजबूत बनेंगे, तभी देश भी मजबूत बनेगा। वहीं, आर फिट इंडिया के फाउंडर और हेड कोच अश्विन सिंह ने कहा कि साइकल चलाने के अनेक फायदे हैं। उन्होंने बताया कि साइकिल चलाने की मदद से आप अपना मोटापा कम कर सकते हैं, हाइट बढ़ा सकते हैं और प्रदूषण मिटा सकते हैं। उन्होंने कहा, “साइकिल हर किसी को चलाना चाहिए, चाहे आप घर पर चलाएं, जिम में चलाएं या फिर आप इस तरह के इवेंट में भाग लीजिए, जैसे हम हर रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन करते हैं। इसको लेकर पूरे देश में मुहिम चल रही है।”

अश्विन के अनुसार, फिट इंडिया का मिशन यही है कि हर कोई पूरी तरह से फिट, तंदुरुस्त और मजबूत रहे। उन्होंने कहा, “फिट रहना बहुत जरूरी है। मेडल तो हर कोई जीतता है और मेडल जीतने के लिए भी आपका फिट रहना महत्वपूर्ण हैं। फिट रहिए, हिट रहिए और भारत को आगे जोडिए।”

–आईएएनएस

एसएम/पीएम


Related Articles

Latest News