किशोर ब्वॉयफ्रेंड की वजह से टूटा था तापसी पन्नू का दिल, आज हैं विदेशी खिलाड़ी की दुल्हनियां


मुंबई, 31 जुलाई (आईएएनएस)। स्कूल-कॉलेज का प्यार अक्सर किसी पुरानी किताब में समिट कर रह जाते हैं। इसी उम्र में अभिनेत्री तापसी पन्नू भी किसी पर अपना दिल हार बैठी थीं। अभिनेत्री आज भले ही मनोरंजन जगत में अपना करियर स्थापित कर डेनमार्क के जाने-माने पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी और कोच मैथियास बोए के साथ शादीशुदा जीवन बिता रही हैं लेकिन उनके किशोरावस्था का प्यार किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है।

दिल्ली के माता जय कौर पब्लिक स्कूल में अपनी पढ़ाई के समय ही अभिनेत्री को पहली बार प्यार का एहसास हुआ और वह एक लड़के पर दिल हार बैठी थीं। एक पॉडकास्ट के दौरान अभिनेत्री ने खुलासा करते हुए बताया था कि स्कूल के समय उनका एक बॉयफ्रेंड था। वह 9वीं क्लास में थीं तो उनका बॉयफ्रेंड 10वीं में।

तापसी ने बताया कि उनके ब्वॉयफ्रेंड ने उनसे इसलिए ब्रेकअप ले लिया था क्योंकि उसका कहना था कि वो 10वीं क्लास की बोर्ड परीक्षा पर पूरा ध्यान लगाना चाहता है, जिसके बाद मैं खूब रोई भी थी।

हालांकि, उस समय आज के बच्चों के पास पर्सनल मोबाइल नहीं हुआ करते थे। अभिनेत्री ने बताया कि वो उनका पहला हार्ट ब्रेक था और वे अपने घर के पास वाले पीसीओ पर जाकर दो-दो रुपए के सिक्के डालकर अपने बॉयफ्रेंड को कॉल किया करती थीं और कहती थीं कि प्लीज बात कर लो। वो पहले तो फोन उठाता ही नहीं था और अगर उठाया, तो बुरी तरह बात करता था।

अभिनेत्री ने बताया कि उस दिन उन्होंने तय किया था कि वे अपने जीवन में किसी को इतना हक नहीं देंगी, कि वो उनकी इतना बुरा हाल कर दे। अभिनेत्री ने अपनी बात में यह भी जोड़ा था कि वो उनके जीवन का सबसे बड़ा हार्ट ब्रेक था।

समय बीता और यह सब पीछे चला गया। तापसी ने भी अपनी राह बदली और गुरु तेग बहादुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (नई दिल्ली) से कंप्यूटर साइंस में बीटेक (इंजीनियरिंग) पूरी की। यहीं से उन्होंने मॉडलिंग में हाथ आजमाया और साउथ सिनेमा की तरफ रुख किया।

उन्होंने 2010 में तेलुगु फिल्म ‘झमंडी नादम’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने साल 2013 की फिल्म ‘चश्मे बद्दूर’ हिंदी सिनेमा में डेब्यू करने के बाद ‘पिंक’, ‘बेबी’, ‘नाम शबाना’, ‘थप्पड़’ और ‘डंकी’ जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय कर अपना नाम स्थापित किया। हाल ही में अभिनेत्री की फिल्म अस्सी रिलीज हुई थी, जिसने दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी थी।

तापसी पन्नू अपने लॉन्गटाइम बॉयफ्रेंड मैथियास बो के साथ शादीशुदा जिंदगी जी रही हैं। दोनों की पहली मुलाकात साल 2013 में इंडियन बैडमिंटन लीग के समारोह में हुई थी। मैथियास बो इस टूर्नामेंट में लखनऊ की टीम (अवाध वारियर्स) की ओर से खेल रहे थे जबकि तापसी हैदराबाद हॉटशॉट टीम की ब्रांड एंबेसडर थीं। दोस्ती गहरी हुई और दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया।

इस जोड़े ने लगभग एक दशक तक अपने रिश्ते को निजी और मीडिया की चकाचौंध से दूर रखा था और 23 मार्च 2024 को उदयपुर में एक निजी समारोह में शादी कर ली।

–आईएएनएस

एनएस/पीएम


Related Articles

Latest News