लंदन, 13 मई (आईएएनएस)। इंग्लैंड की पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज सारा टेलर इंग्लैंड की सीनियर पुरुषों की टीम के साथ काम करने वाली पहली महिला बनने जा रही हैं, जिन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए फील्डिंग कोच नियुक्त किया गया है।
सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर्स में शुमार सारा टेलर इस घरेलू सीरीज के दौरान शॉर्ट-टर्म फील्डिंग कोच के तौर पर काम करेंगी, जबकि नियमित कोच कार्ल हॉपकिंसन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मुंबई इंडियंस के साथ व्यस्त हैं।
यह भूमिका टेलर के कोचिंग करियर में एक और माइलस्टोन है, जिन्होंने काउंटी और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में विभिन्न पदों पर काम किया है, जिसमें ससेक्स काउंटी क्रिकेट क्लब और मैनचेस्टर ओरिजिनल्स शामिल हैं। उन्होंने इंग्लैंड लायंस के साथ इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ के साथ भी मिलकर काम किया है।
इंग्लैंड के पुरुषों के क्रिकेट के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब ने न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट के लिए टीम की घोषणा करते हुए टेलर की नियुक्ति की पुष्टि करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि वह अपने काम में सबसे बेहतरीन लोगों में से एक हैं, उन्होंने एंड्रयू फ्लिंटॉफ और एड बार्नी (परफॉर्मेंस डायरेक्टर) के साथ बहुत काम किया है। उनकी जितनी भी तारीफ करें कम है। इसलिए, जैसा कि हम देख सकते हैं, वह अपने काम में सबसे बेहतरीन लोगों में से एक हैं।”
टेलर का आगमन इंग्लैंड की रेड-बॉल टीम के लिए एक अहम मोड़ पर हुआ है, खासकर ऑस्ट्रेलिया में निराशाजनक एशेज सीरीज के बाद, जहां खराब फील्डिंग की वजह से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा था। एशेज सीरीज के दौरान टीम ने 11 कैच छोड़े थे। बगैर किसी खास फील्डिंग कोच के दौरे पर जाने के फैसले को लेकर इंग्लैंड क्रिकेट टीम की आलोचना भी हुई थी।
इन मुद्दों को सुलझाने के लिए, इंग्लैंड ने एशेज के बाद कार्ल हॉपकिंसन को फिर से नियुक्त किया, साथ ही बॉलिंग कोच ट्रॉय कूली को भी वापस बुलाया। हालांकि, आईपीएल में हॉपकिंसन की व्यस्तताओं ने टेलर को न्यूजीलैंड के खिलाफ आने वाली सीरीज के लिए यह भूमिका निभाने का मौका दिया है।
टेलर ने इंग्लैंड की महिला टीम के साथ अपने 13 साल के इंटरनेशनल करियर के दौरान 226 मैच खेले। इस दौरान महिला वर्ल्ड कप 2017 में इंग्लैंड की जीत में अहम भूमिका निभाई।
–आईएएनएस
आरएसजी
