राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा के 'टोस्टर' की रिलीज डेट से उठा पर्दा, जानें कब होगी स्ट्रीम?


मुंबई, 26 मार्च (आईएएनएस)। फिल्मी दुनिया में अब ऐसी कहानियों को ज्यादा पसंद किया जा रहा है, जो मामूली कहानी को भी अनोखे अंदाज में पेश करती हो। इसी कड़ी में अब एक नई फिल्म दर्शकों के सामने आने वाली है, जो अपने दिलचस्प कॉन्सेप्ट के कारण चर्चा में है। दरअसल, अभिनेता राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा की फिल्म ‘टोस्टर’ की रिलीज डेट से पर्दा उठ गया है।

‘टोस्टर’ के मेकर्स ने घोषणा की है कि यह फिल्म 15 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। ‘टोस्टर’ एक डार्क कॉमेडी फिल्म है, जिसमें हंसी के साथ-साथ अजीब और चौंकाने वाली घटनाएं भी देखने को मिलेंगी। खास बात यह है कि यह राजकुमार राव और उनकी पत्नी पत्रलेखा के प्रोडक्शन हाउस ‘कम्पा फिल्म’ की पहली फिल्म है।

प्रोड्यूसर के तौर पर अपनी नई शुरुआत को लेकर पत्रलेखा ने कहा, ”यह मेरे लिए एक बहुत ही खास अनुभव है। नेटफ्लिक्स के साथ इस सफर की शुरुआत करना गर्व की बात है, क्योंकि यह प्लेटफॉर्म हमेशा अलग और नई तरह की कहानियों को सामने लाता है। ‘टोस्टर’ की कहानी मुझे काफी अलग लगी, क्योंकि इसमें ऐसी परिस्थितियों में भी हंसी दिखाई गई है, जहां आमतौर पर लोग तनाव में दिखते हैं।”

फिल्म की कहानी की बात करें तो इसमें राजकुमार राव एक ऐसे व्यक्ति के किरदार में है, जो बहुत कंजूस है। वह एक शादी में कपल को टोस्टर गिफ्ट करता है, लेकिन जब उसको पता चलता है कि वो शादी अब टूट गई है तो वह टोस्टर को वापस लेने के लिए उनके घर चला जाता है, जहां जमकर बवाल करता है। वह टोस्टर को वापस पाने के लिए कई तरीके आजमाता है।

फिल्म की कास्ट भी काफी दमदार है। इसमें राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा के अलावा अभिषेक बनर्जी, अर्चना पूरन सिंह, फराह खान, जितेंद्र जोशी, उपेन्द्र लिमये और सीमा पाहवा जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। निर्देशक विवेक दास चौधरी इस फिल्म से डायरेक्टोरियल डेब्यू कर रहे हैं।

यह फिल्म अब 15 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।

–आईएएनएस

पीके/डीकेपी


Related Articles

Latest News