छात्रों के प्रदर्शन पर रणवीर शौरी की प्रतिक्रिया, बोले- गलत भाषा का समर्थन सही नहीं


मुंबई, 29 जुलाई (आईएएनएस)। अभिनेता रणवीर शौरी ने बुधवार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों द्वारा इस्तेमाल किए गए अपशब्दों और विरोधी पार्टियों का उनका समर्थन करने पर लताड़ा। उनका कहना है कि बच्चों द्वारा अपशब्द का इस्तेमाल करने पर लोगों को उनका समर्थन नहीं चाहिए।

अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि छात्रों को समझना चाहिए कि विरोधी पार्टी बस अपने फायदे के लिए छात्रों का समर्थन कर रही है। वीडियो में वे कहते हैं, “दोस्तों, मैं देख रहा था कि उदारवादी भीड़ अब प्रदर्शन के दौरान दी गई गंदी गालियों का बचाव कर रही है। कहते हैं कि अगर वे गाली देते हैं, तो इसमें क्या बड़ी बात है? हम भी एक-दूसरे से बात करते हैं। तो मैं उनसे बस इतना कहना चाहता हूं कि जो लोग अंग्रेजी बोलने वाले और पढ़े-लिखे होने का दिखावा करते हैं, वे भी अब इन गलत बातों का समर्थन कर रहे हैं। उन्हें समझना चाहिए कि अगर कभी दूसरी तरफ से भी इसी तरह की भाषा का इस्तेमाल हुआ, तो फिर शिकायत नहीं करनी चाहिए।”

उन्होंने कहा कि गलत भाषा और गालियों का समर्थन करना सही नहीं है। कुछ लोग केवल राजनीतिक फायदे के लिए ऐसी बातों का बचाव कर रहे हैं, क्योंकि वे अपनी पसंद की सरकार बनते देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “इस तरह की सोच बच्चों पर भी गलत असर डाल सकती है। आज अगर कोई कह रहा है कि ‘इसमें क्या बड़ी बात है’, तो कल जब यही व्यवहार दूसरी तरफ से होगा, तब उन्हें परेशानी नहीं जतानी चाहिए।”

बता दें कि छात्र आंदोलनों और विरोध प्रदर्शनों में कथित तौर पर अपशब्दों और अभद्र भाषा के इस्तेमाल ने देश भर में एक नई बहस को जन्म दे दिया है। इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

–आईएएनएस

एनएस/एएस


Related Articles

Latest News