रामकृपाल यादव बोले- 'बिहार में कानून का राज', मुजफ्फरपुर की घटना पर तेजस्वी यादव को दिया जवाब


पटना, 11 मई (आईएएनएस)। बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने मुजफ्फरपुर की घटना को लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव के आरोपों पर जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून का राज है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पिछले दिन एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि भाजपा विधायक ने अपने समर्थकों के साथ मुजफ्फरपुर के वार्ड-48 में एक आम आदमी के घर में घुसकर मारपीट की। तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधा।

इस पर रामकृपाल यादव ने सोमवार को आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “बिहार में कानून का राज है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कह चुके हैं कि राज्य में कानून का राज स्थापित रहेगा। जीरो टॉलरेंस की नीति पर सरकार काम करेगी। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।”

इसी बीच, मंत्री रामकृपाल यादव ने वैश्विक संकट से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “लगातार युद्ध चल रहा है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चिंता जाहिर की है। पूरे देश पर युद्ध के असर हैं। ऐसे में संकट के दौर से राष्ट्र उभरे उसके लिए प्रधानमंत्री मोदी प्रयास कर रहे हैं। कोरोना काल के समय भी संकट आया था। तब भी उन्होंने लोगों से अपील की थी। यह भी संकट का समय है और इस बार भी पीएम मोदी अपील कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि तेल दूसरे देशों से लाया जाता है। इसलिए वर्तमान स्थिति को देखते हुए पीएम मोदी ने अपील की है। मेरा मानना है कि सभी को पीएम मोदी की अपील को मानना चाहिए और राष्ट्र हित के लिए उनके दिए गए सुझावों को अपनाना चाहिए।

रामकृपाल यादव ने पीएम मोदी के सोमनाथ मंदिर दर्शन को लेकर कहा, “सोमनाथ मंदिर ऐतिहासिक है। पीएम मोदी वहां जा रहे हैं और वे सभी देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।”

हिमंत बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर उन्होंने कहा, “हिमंत बिस्वा सरमा को शुभकामनाएं और बधाई। वे दोबारा असम के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। मैं असम की जनता का भी आभार व्यक्त करता हूं, जिसने हिमंत को दोबारा से चुना है। मुख्यमंत्री हिमंत के नेतृत्व में असम आगे बढ़ रहा है।”

पटना में मंदिरी नाले के उद्घाटन पर उन्होंने कहा, “नाले को लेकर पटना के लोग लंबे समय से परेशान थे। उनकी नाले के निर्माण की मांग थी और नितिन नवीन ने सरकार के माध्यम से मांग को पूरा कराया। मैं सरकार के प्रति आभार व्यक्त करना चाहता हूं।”

–आईएएनएस

डीसीएच/


Related Articles

Latest News