राबड़ी आवास विवाद: प्रभुनाथ यादव बोले- 39 नंबर बंगला भूताहा, वहां नहीं जाएंगे


पटना, 18 जून (आईएएनएस)। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को सरकारी आवास खाली करने के आदेश के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में उनके सरकारी आवास से कुछ सामान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सरकारी आवास 1 पोलो रोड भेजा गया। हालांकि, परिवार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि फिलहाल पूरा घर खाली नहीं किया जा रहा है, बल्कि केवल कुछ सामान दूसरी जगह पर ले जाया जा रहा है।

राबड़ी देवी के बड़े भाई प्रभुनाथ सिंह यादव ने गुरुवार को इस मुद्दे पर समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि अभी आवास खाली करने की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। घर अभी खाली नहीं किया जा रहा है। सिर्फ छोटा-मोटा सामान ही दूसरी जगह ले जाया जा रहा है। इसे कभी न कभी तो खाली करना ही होगा। जब खाली करने का आदेश है तो खाली तो करना ही होगा।

उन्होंने कहा कि परिवार की इच्छा थी कि जब तक सदस्यता बनी रहे, तब तक आवास में रहने की अनुमति दी जाए। लेकिन सरकार ने ऐसा नहीं किया। प्रभुनाथ यादव ने सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि आवास खाली ही कराना था तो अन्य नेताओं के आवासों की भी समीक्षा होनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि सरकार का यह फैसला गलत है। अगर खाली ही कराना था तो जीतन राम मांझी का खाली कराते, नीतीश कुमार का खाली कराते, संजय झा हैं, देवेश चंद्र ठाकुर हैं, शहनवाज हुसैन हैं।

प्रभुनाथ यादव ने यह भी कहा कि परिवार को जो वैकल्पिक आवास नंबर 39 आवंटित किए जाने की चर्चा है, वहां जाने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि 39 नंबर बंगला भूताहा है, वहां कभी भी नहीं जाएंगे। जब यहां से खाली करेंगे तो आसपास ही कहीं किराये के मकान में चले जाएंगे।

–आईएएनएस

पीएसके


Related Articles

Latest News