जम्मू, 27 जून (आईएएनएस)। आगामी अमरनाथ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल डीजीपी (कोऑर्डिनेशन) एस.जे.एम. गिलानी ने शनिवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जम्मू स्थित भगवती नगर बेस कैंप और तवी रिवर फ्रंट का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ आईजीपी जम्मू भीम सेन टूटी, आईजीपी सीआरपीएफ, डीआईजी जम्मू-सांबा-कठुआ रेंज, डीआईजी ट्रैफिक, एसएसपी जम्मू तथा एसएसपी सिक्योरिटी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने यात्रा से जुड़े प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा बलों की तैनाती, यातायात प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
दौरे के दौरान स्पेशल डीजीपी ने विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि श्री अमरनाथ यात्रा-2026 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत, निर्बाध और समन्वित होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
वरिष्ठ अधिकारियों को इस दौरान यात्रा मार्ग और बेस कैंपों पर लागू की गई बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था (मल्टी-लेयर्ड सिक्योरिटी ग्रिड) की जानकारी भी दी गई। सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि यात्रा के प्रत्येक चरण में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक योजना तैयार की गई है। इसमें संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती, निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना और विभिन्न एजेंसियों के बीच त्वरित समन्वय की व्यवस्था शामिल है।
अधिकारियों ने भगवती नगर बेस कैंप में तीर्थयात्रियों के ठहरने, प्रवेश और निकासी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। साथ ही तवी रिवर फ्रंट क्षेत्र में सुरक्षा संसाधनों और निगरानी तंत्र का आकलन किया गया, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी संभावित चुनौती का समय रहते प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के अनुसार, श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए पुलिस, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रा मार्ग और प्रमुख पड़ावों पर सुरक्षा के सभी आवश्यक मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
–आईएएनएस
एससीएच/एबीएम
