पवन कल्याण की पत्नी अन्ना कोनिडाला ने पूरी की तिरुमाला की कठिन चढ़ाई, शेयर किया पोस्ट


मुंबई, 18 जुलाई (आईएएनएस)। साउथ सिनेमा के अभिनेता और आंध्र प्रदेश के डिप्टी चीफ मिनिस्टर पवन कल्याण की पत्नी अन्ना कोनिडाला ने हाल ही में तिरुमाला में अपनी पूजा संपन्न की। अन्ना कोनिडाला ने शनिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि उन्होंने तिरुमाला की मुश्किल चढ़ाई कैसे पूरी की।

अन्ना कोनिडाला ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर आध्यात्मिक यात्रा की कुछ तस्वीरें शेयर कर लिखा, “मुझे पता था कि तिरुमाला की चढ़ाई आसान नहीं होगी, लेकिन मैंने नहीं सोचा था कि यह इतनी कठिन होगी। सिर्फ शरीर के लिए बल्कि, मन के लिए भी। कई बार ऐसा लगा कि मैं रुक जाऊं और आगे न बढ़ूं। फिर मैंने सीढ़ियां गिनने के बजाय अपनी खुशियां और आशीर्वाद गिनना शुरू किया।”

उन्होंने लिखा, “मेरा परिवार, सेहत, अपने लोग और जिन लोगों से मैं प्यार करती हूं। जिंदगी ने मुझे जो कुछ भी दिया है। लाखों लोगों का सपोर्ट और हमारे परिवार के लिए उनकी दुआएं।”

उन्होंने बताया कि वे खुद को सौभाग्यशाली मानती हैं कि वे इसे पूरा कर पाईं। उन्होंने लिखा, “जब भी लगा कि अब और नहीं चल पाऊंगी, तो कुछ मिनट बैठ जाती, सांस लेती, दूसरों को धीरे-धीरे ऊपर जाते देखती और फिर उनके साथ दोबारा चलना शुरू कर देती। आखिर में मैं पूरी तरह थक चुकी थी, लेकिन इस सफर में मुझे एहसास हुआ कि कोई भी यहां इसलिए नहीं चढ़ रहा था क्योंकि यह आसान था। हर किसी के दिल में अपनी कोई प्रार्थना, उम्मीद या धन्यवाद था।

शायद यही वजह है कि यह यात्रा इतने लोगों के दिल में खास जगह बनाती है। आप यहां थके हुए पहुंचते हैं, लेकिन आपका दिल पहले से ज्यादा हल्का और शांत महसूस करता है।”

अन्ना कोनिडाला ने अपनी इस चढ़ाई को पवन कल्याण की हालिया हुई सर्जरी के बाद पूरी की। दरअसल, पवन कल्याण के दाहिने कंधे की गंभीर रोटेटर कफ सर्जरी के बाद अन्ना ने मुंबई के अस्पताल से सोशल मीडिया के जरिए तस्वीरें साझा की थीं और डॉक्टरों का आभार व्यक्त किया था।

–आईएएनएस

एनएस/वीसी


Related Articles

Latest News