रायपुर, 11 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 54वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ मिली हार के साथ ही मुंबई इंडियंस (एमआई) के लिए प्लेऑफ में पहुंचने के सभी दरवाजे बंद हो गए हैं। एमआई के हेड कोच महेला जयवर्धने ने माना कि इस सीजन टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और खिलाड़ी हाथ आए मौकों को भुनाने में नाकाम रहे।
जयवर्धने ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम के प्रदर्शन पर बात करते हुए कहा, “हां, यह सीजन हमारे लिए निराशाजनक रहा। हमें मौके मिले, लेकिन हम उनका फायदा नहीं उठा सके। हम गेंद और बल्ले से लगातार अच्छा नहीं कर पाए, और इसका अंतर साफतौर पर नजर आया। हम शायद प्लेऑफ में जाने के लिए दावेदारों के उसी ग्रुप में होने से दो-तीन जीत दूर रह गए। हम अहम मौकों पर जीत दर्ज नहीं कर सके, जिसका ताजा उदाहरण यह मुकाबला (आरसीबी) है। इसी वजह से पूरे सीजन को शॉर्ट में बताना मेरे लिए मुश्किल है। मुझे इस पर थोड़ा सोचना होगा और फिर पता लगाना होगा कि असल में क्या गलत हुआ।”
आखिरी ओवर में मुंबई इंडियंस को आरसीबी के खिलाफ 15 रनों का बचाव करना था और कप्तान सूर्यकुमार ने गेंद युवा खिलाड़ी राज बावा के हाथों में सौंपी, जो एमआई को जीत दिलाने में नाकाम रहे। इस फैसले पर बात करते हुए जयवर्धने ने कहा, “उस समय हमारे सारे गेंदबाजों के ओवर खत्म हो चुके थे, हमारे पास कोई भी अनुभवी गेंदबाज नहीं बचा था। हमारे पास सिर्फ स्पिनर्स का ही विकल्प था। गजनफर भी महंगे साबित हुए थे। इसी वजह से सूर्यकुमार ने राज बावा के साथ जाने का फैसला किया।”
राज बावा का बचाव करते हुए जयवर्धने ने कहा, “राज एक अच्छे गेंदबाज हैं। हम जानते हैं कि वह प्रैक्टिस में क्या करते हैं। उनके पास यॉर्कर, वाइड बॉल और वो सभी गेंदें मौजूद हैं, जो अंतिम ओवरों में चाहिए होती है। ऐसे में यह वो सिचुएशन थी, जहां हमें लगा कि उनका इस्तेमाल करना चाहिए। मेरे हिसाब से उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की और शेफर्ड का विकेट भी चटकाया। हां, मेरा मतलब है कि कुछ वाइड, नो-बॉल भी उन्होंने डाली, क्योंकि उनके ऊपर दबाव था। हालांकि, इस मुकाबले में जिस तरह से हमने लड़ाई लड़ी उससे मैं खुश हूं।”
सूर्यकुमार और हार्दिक पांड्या की खराब फॉर्म को लेकर बात करते हुए जयवर्धने ने कहा, “हमें उन (हार्दिक, सूर्यकुमार) पर जो भरोसा और आत्मविश्वास है, हम उसके साथ गए। इसके बाद जो हुआ वो सामने है। मैंने जैसा कहा कि मेरे लिए उससे आगे जाना मुश्किल है। उनका टी20 वर्ल्ड कप बहुत अच्छा रहा, उन्होंने उसे जीता। हालांकि, मुझे लगता है कि एक टीम के तौर पर हम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके।”
–आईएएनएस
एसएम/पीएम
