बर्मिंघम, 14 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान को विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को भारत के हाथों 64 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा है। शर्मनाक हार के बाद कप्तान फातिमा सना ने स्वीकार किया है कि उनकी टीम को आगामी मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
एजबेस्टन में मुकाबला गंवाने के बाद पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने कहा, “मुझे लगता है कि यह बेहद निराशाजनक रहा, खासकर बल्लेबाजी के लिहाज से। हमें अगले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा, क्योंकि विश्व कप में अभी हमारा सफर लंबा है।”
16.3 ओवरों के खेल तक भारत का स्कोर 123/5 था। इसके बाद टीम इंडिया ने 20 ओवरों के खेल तक 6 विकेट खोकर 170 रन बना लिए।
हार का कारण बताते हुए पाकिस्तानी कप्तान ने कहा, “मुझे लगता है कि 15 ओवरों तक हम अच्छी स्थिति में थे। उसके बाद हमने कुछ अतिरिक्त रन दे दिए। एक समय हमारे एक फील्डर की पोजिशनिंग में भी गलती हुई, जिसका हमें नुकसान उठाना पड़ा। हम अगले मुकाबलों में इनमें सुधार करने की कोशिश करेंगे।”
खराब फील्डिंग को लेकर फातिमा सना ने कहा, “जाहिर तौर पर कैच ही मैच जिताते हैं। दुर्भाग्य से हमने कैच छोड़े, खासकर वरिष्ठ खिलाड़ियों ने। मेरा मानना है कि अगले मैच में हमें गेंदबाजी और फील्डिंग दोनों में सुधार करना होगा, क्योंकि मैदान पर की गई छोटी-छोटी गलतियां पूरे मैच का नतीजा बदल सकती हैं। हम अपनी योजनाओं को अमल में लाने और मैच से पहले तय की गई रणनीति पर टिके रहने की कोशिश कर रहे थे।”
भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 170 रन बनाए। इसके जवाब मे पाकिस्तानी टीम शुरुआती 6 ओवरों में 1 विकेट खोकर 52 रन बना चुकी थी, लेकिन इसके बाद टीम 17 ओवरों में सिर्फ 106 रन पर सिमट गई।
पावरप्ले में बल्लेबाजी को लेकर पाकिस्तानी कप्तान ने कहा, “हम सकारात्मक रवैये के साथ खेलने की कोशिश कर रहे थे। हमने बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों में पावरप्ले का दौर अपने नाम किया, लेकिन उसके बाद हमारी बल्लेबाजी बिखर गई। आगे बेहतर नतीजे हासिल करने के लिए हमें अपनी बल्लेबाजी में सुधार करना होगा।”
–आईएएनएस
आरएसजी
