नई दिल्ली, 13 मई (आईएएनएस)। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्री रोनाल्ड लामोला के साथ हुई मुलाकात को उपयोगी बताया। इस दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी, बहुपक्षीय मुद्दों और संस्थागत सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ”आज शाम दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्री रोनाल्ड लामोला से मिलकर खुशी हुई। हमने अपनी रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। साथ ही, आपसी हितों के बहुपक्षीय मुद्दों पर भी चर्चा की। संस्थागत तंत्रों के माध्यम से अपने संवाद को तेज करने की आवश्यकता पर सहमति बनी।”
विदेश मंत्री रोनाल्ड लामोला ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए मंगलवार को नई दिल्ली पहुंचे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, 14 मई की सुबह 10 बजे विदेश मंत्रियों का आगमन भारत मंडपम में होगा। इसके बाद 10.30 बजे पहले सेशन की शुरुआत होगी। फिर दिन के 1 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ‘सेवा तीर्थ’ में सभी मंत्रियों की संयुक्त मुलाकात होगी।
इसके बाद 3.10 बजे दूसरे सेशन की शुरुआत होगी। फिर शाम 7 बजे विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की तरफ से भारत मंडपम में ही डिनर का आयोजन किया जाएगा। समिट के अगले दिन, 15 मई को, सुबह 10 बजे तीसरे सेशन की शुरुआत होगी।
इससे पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को चिली के अपने समकक्ष फ्रांसिस्को पेरेज मैकेना से मुलाकात की। द्विपक्षीय वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत बनाने पर चर्चा की।
विदेश मंत्री जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “सुबह चिली के विदेश मंत्री फ्रांसिस्को पेरेज मैकेना से मुलाकात सकारात्मक रही। दोनों देशों ने बाजारों और आपूर्ति स्रोतों में विविधता लाने, प्राथमिकता वाले उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने और सर्विस इकोनॉमी को सुगम बनाने पर चर्चा की।”
उन्होंने आगे कहा, “हमने बहुपक्षीय और बहु-देशीय मंचों पर मिलकर काम करने पर भी सहमति जताई।”
–आईएएनएस
एवाई/एबीएम
