गरीब परिवार से निकलकर लोकतंत्र को गौरवान्वित किया, पीएम मोदी पर बोले मोहन यादव


दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने और 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा करने पर भाजपा नेताओं ने इसे भारतीय लोकतंत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने पीएम मोदी के नेतृत्व, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश के विकास में उनकी भूमिका की सराहना करते हुए उनके लंबे और सफल राजनीतिक सफर को देश के लिए गर्व का विषय बताया।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुशासन के लिए सबसे लंबा कार्यकाल पूरा किया है, जिससे वैश्विक मंच पर भारत के लोकतंत्र का मान बढ़ा है। एक तरफ वह 81 करोड़ से ज्यादा लोगों के लिए मुफ्त राशन वितरण जैसी कल्याणकारी योजनाएं चला रहे हैं। साथ ही गरीबों के कल्याण के साथ उन्हें स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ना भी सिखा रहे हैं।

दुनिया के सामने भारत का आदर्श रूप उभरकर आ रहा है। एक गरीब परिवार से निकलकर लोकतंत्र को गौरवान्वित करने का रिकॉर्ड भी पीएम मोदी के नाम है। मध्य प्रदेश के सीएम ने कहा कि परिस्थितियां कैसी भी हों, इच्छाशक्ति के बल पर सभी कार्य किए जा सकते हैं। भगवान महाकाल से प्रार्थना है कि वर्ष 2029 में वह फिर से प्रधानमंत्री बनें और दक्षिण के राज्यों में भी विजय हासिल करें।

एनडीए की बैठक पर उन्होंने कहा कि हम सभी पीएम मोदी के साथ इस बैठक में शामिल होने वाले हैं। जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विचार-विमर्श करेंगे।

वहीं, मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर चल रहे विवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के विधायक नाटक कर रहे थे। राज्यसभा सीट के लिए वे आपस में ही लड़ रहे थे। इसका खामियाजा मीनाक्षी नटराजन को भुगतना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन ने अपने आपराधिक रिकॉर्ड को छिपाकर मध्य प्रदेश की जनता का अपमान किया है। कांग्रेस को उनसे जवाब मांगना चाहिए।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि पीएम मोदी ने 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं। इन 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने ऐसे असाधारण कार्य किए हैं, जो पहले असंभव लगते थे, लेकिन उन्होंने उन्हें संभव बनाया। इनमें अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाना, वन नेशन, वन टैक्स लागू करना, राम मंदिर का निर्माण और ऐसे कई अन्य कार्य शामिल हैं, जो 1952 से ही हो जाने चाहिए थे, लेकिन उनके सत्ता में आने के बाद पूरे हुए।

उन्होंने कहा कि देश के नागरिक इस बात पर गर्व करते हैं कि हमारे देश के प्रधानमंत्री मोदी जैसे हैं। वे पूरे देशवासियों को साथ लेकर चलना चाहते हैं। इसी उद्देश्य से उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ का मंत्र दिया, उसी के अनुसार काम किया और इसी कारण आज वह इस मुकाम तक पहुंच सके हैं।

–आईएएनएस

एएमटी/वीसी


Related Articles

Latest News