मानव सुथार टेस्ट फॉर्मेट में मैच विनर साबित होंगे: वॉशिंगटन सुंदर


न्यू चंडीगढ़, 8 जून (आईएएनएस)। भारत के ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर का मानना ​​है कि अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में डेब्यू कर रहे लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार में टेस्ट क्रिकेट में मैच-विनर बनने की सारी काबिलियत है। मानव का प्रदर्शन टेस्ट के दूसरे दिन शानदार रहा। उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट अपने नाम किए।

वॉशिंगटन सुंदर ने सोमवार को तीसरे दिन का खेल शुरू होने से पहले मानव की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सुथार का असर भारतीय सेटअप के अंदर के लोगों के लिए कोई हैरानी की बात नहीं थी। सुंदर ने ब्रॉडकास्टर्स से कहा, “मेरा मतलब है कि हम सभी जानते हैं कि वह असल में क्या ला सकते हैं, खासकर इस फॉर्मेट में। और हम सभी ने उन्हें उन सभी टीमों के लिए मैच जीतते देखा है जिनके साथ हमने खेला है, खासकर इस फॉर्मेट में। मुझे लगता है कि बस समय आ गया था और यह होने वाला था।”

25 साल के राजस्थान के स्पिनर ने अपने टेस्ट करियर की चौथी ही गेंद पर अब्दुल मलिक को आउट किया और फिर रहमानुल्लाह गुरबाज और अफसर जजई के विकेट लेकर अफगानिस्तान पर दबाव बनाने में अहम भूमिका निभाई। सुंदर ने कहा कि सुथार आने वाले वर्षों में भारत के लिए और भी बड़ा असर डालेंगे। उन्होंने आगे कहा, “खासकर जिस तरह से वह आए और पहले दिन गेंदबाजी की, वह कमाल था। जाहिर है कि हम उनसे और भी बहुत कुछ उम्मीद कर सकते थे। इस फॉर्मेट में खासतौर पर वह हमारे लिए मैच विनर साबित होंगे।”

वॉशिंगटन सुंदर ने खुद बल्ले से अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 68 गेंदों का सामना करते हुए 52 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी बल्लेबाजी को लेकर बात करते हुए सुंदर ने कहा कि वह टीम की जरूरत के हिसाब से बल्ले से योगदान देना चाहते हैं।उन्होंने कहा, “ईमानदारी से कहूं तो, मेरे लिए जरूरी है कि टीम जो भी मांग करे और जहां भी मुझे खेलने की जरूरत हो, वहां खेलूं। यह मायने रखता है कि इससे टीम को फायदा हो और हम बहुत सारे मैचों में जीत हासिल करें। मैं भी यही करना चाहता हूं। अलग-अलग टेस्ट मुकाबलों में हालात को समझने की कोशिश करता हूं। हालात के हिसाब से मुझे जो भूमिका निभानी होती है वह मैं निभाता हूं।”

–आईएएनएस

एसएम/एएस


Related Articles

Latest News