'एक बेहतरीन लीडिंग मैन', जेनिफर लोपेज ने की 'ऑफिस रोमांस' को-स्टार ब्रेट गोल्डस्टीन की तारीफ


मुंबई, 8 जून (आईएएनएस)। हॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री और गायिका जेनिफर लोपेज इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘ऑफिस रोमांस’ को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म की शूटिंग और अपने को-स्टार ब्रेट गोल्डस्टीन के साथ काम के अनुभव को लेकर उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट में उन्होंने फिल्म की टीम की जमकर तारीफ की।

जेनिफर लोपेज ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें वह अपने को-स्टार ब्रेट गोल्डस्टीन के साथ नजर आ रही हैं। तस्वीरों में दोनों की मजबूत केमिस्ट्री साफ दिखाई दे रही है। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक लंबा कैप्शन भी लिखा।

जेनिफर ने लिखा, ”ऑफिस रोमांस’ दर्शकों के बीच नंबर वन पर है, और यह मेरे लिए बहुत खुशी की बात है। ब्रेट गोल्डस्टीन का धन्यवाद, वह किसी भी अभिनेत्री के लिए सबसे बेहतरीन लीडिंग मैन हैं, जिसकी कोई भी उम्मीद कर सकता है। उनके साथ काम करना एक शानदार अनुभव रहा।”

इसके अलावा, जेनिफर लोपेज ने फिल्म के निर्देशक ओल पार्कर की भी तारीफ की और उन्हें एक शानदार निर्देशक बताया। उन्होंने कहा, ”फिल्म को जिस तरह से पर्दे पर उतारा गया है, उसमें कड़ी मेहनत साफ झलकती है और पूरी टीम ने मिलकर इसे खास बनाया है।”

बता दें कि फिल्म ‘ऑफिस रोमांस’ एक रोमांटिक कॉमेडी है, जिसकी कहानी एक बड़ी कंपनी की सीईओ जैकी के इर्द-गिर्द घूमती है। जैकी अपनी कंपनी में सख्त नियम लागू करती है और कर्मचारियों को लेकर एंटी-फ्रैटरनाइजेशन पॉलिसी अपनाती है। लेकिन कहानी में मोड़ तब आता है, जब एक नया वकील उसकी कंपनी में काम करने आता है। इसके बाद उसकी बनाई हुई सख्त पॉलिसी धीरे-धीरे चुनौती बनने लगती हैं और कहानी में रोमांस और कॉमेडी दोनों का तड़का आता है।

एक्ट्रेस के बारे में बात करें तो जेनिफर लोपेज दुनिया की सबसे प्रभावशाली कलाकारों में से एक है। उन्होंने न सिर्फ हॉलीवुड फिल्मों में अपनी पहचान बनाई है, बल्कि लैटिन संगीत को भी दुनिया भर में लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई है। इसके अलावा, वह कई बड़े टीवी शो जैसे ‘अमेरिकन आइडल’ और ‘वर्ल्ड ऑफ डांस’ में जज के रूप में भी नजर आ चुकी हैं।

–आईएएनएस

पीके/एएस


Related Articles

Latest News