इंडिया ब्लॉक की बैठक से पहले अरविंद केजरीवाल से मिलीं ममता बनर्जी, साथ में अभिषेक बनर्जी भी रहे मौजूद


नई दिल्ली, 7 जून (आईएएनएस)। दिल्ली में सोमवार को होने वाली इंडिया ब्लॉक की बैठक से ठीक पहले आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने मुलाकात की।

नई दिल्ली में रविवार को हुई इस मुलाकात के दौरान तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी भी मौजूद रहे। टीएमसी की ओर से इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की गई।

पार्टी ने लिखा कि हमारी चेयरपर्सन ममता बनर्जी और हमारे नेशनल जनरल सेक्रेटरी अभिषेक बनर्जी ने दिल्ली में अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की।

पोस्ट में आगे लिखा गया कि दोनों नेताओं में अच्छी बातचीत हुई और आगे के रास्ते पर विस्तार से चर्चा की गई।

टीएमसी ने आगे कहा कि जब भारत के लोग एकजुट होंगे तो दुनिया की कोई भी ताकत 2029 में न्याय, सम्मान और बेहतर भविष्य की ओर उनके कदमों को नहीं रोक सकती।

बता दें कि इंडिया ब्लॉक की बैठक में जहां टीएमसी शामिल होने वाली है तो वहीं आम आदमी पार्टी ने बैठक से दूरी बनाई है।

आम आदमी पार्टी ही नहीं, बल्कि अन्य पार्टियों ने भी इस बैठक से दूरी बनाने का फैसला किया है।

डीएमके के प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से ​​बात करते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने इंडिया ब्लॉक मीटिंग का बॉयकॉट करने का फैसला किया है, क्योंकि हम ऐसी जगह नहीं रहना चाहते जहां कांग्रेस मौजूद हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पीठ में छुरा घोंपने वाली है। उन्होंने हमारा काम और डीएमके पार्टी के वर्कर्स की मेहनत और पसीना चुराया और फिर खेमा बदल लिया। यह मौकापरस्ती का सबसे अच्छा उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि अगर पार्टी ऐसी जगह हिस्सा लेती है या वहां दिखती है, जहां कांग्रेस शामिल है तो यह सभी डीएमके कैडर का अपमान होगा।

सीपीआई(एम) नेता हन्नान मोल्लाह ने कहा कि गठबंधन में सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते कांग्रेस की एक बड़ी जिम्मेदारी है।

उन्होंने आईएएनएस से ​​कहा कि गठबंधन में किसी भी सबसे बड़ी पार्टी की मोर्चे को एक साथ रखने में अहम भूमिका होती है, लेकिन दुर्भाग्य से कांग्रेस नेता जरूरी समझदारी नहीं दिखा रहे हैं।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सोमनाथ भारती ने कहा कि इंडिया ब्लॉक गठबंधन बनाने वाली पॉलिटिकल पार्टियों से मेरी दिल से गुजारिश है कि मेरी सोच के हिसाब से कांग्रेस देश भर में रीजनल और छोटी पार्टियों को कमजोर करने के लिए भाजपा के साथ मिलकर काम कर रही है ताकि भाजपा और कांग्रेस बारी-बारी से देश पर राज कर सकें। कांग्रेस के ऐसे दोहरे रवैये की वजह से आम आदमी पार्टी ने गठबंधन से दूरी बनाने का फैसला किया है।

–आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी


Related Articles

Latest News