बमाको, 2 मई (आईएएनएस)। माली की सेना की ओर से शुक्रवार सुबह किए गए हवाई हमलों में 200 से ज्यादा हमलावरों को मार गिराने का दावा किया गया। शनिवार को माली के सरकारी टेलीविजन ने यह जानकारी दी।
सेना के जनरल स्टाफ के बयान के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया कि ये हमले हथियारबंद आतंकियों के एक बड़े काफिले पर किए गए थे, जो एक पड़ोसी सीमा क्षेत्र से घुसकर नए हमलों की तैयारी कर रहा था।
सिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, सेना के शुरुआती आकलन के अनुसार, इस कार्रवाई में भारी हथियारों से लैस चार पिकअप गाड़ियां और 60 से ज्यादा मोटरसाइकिलें भी नष्ट कर दी गईं। माली की सेना ने कहा है कि वह पूरे देश में आतंकवादी समूहों के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखेगी।
26 अप्रैल को भी माली की सेना ने बताया था कि पश्चिमी इलाके कोउलिकोरो में उसने 100 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया था।
जनरल स्टाफ ने अपने बयान में कहा कि उस हमले के बाद चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान सेना के हवाई साधनों ने कोउलिकोरो क्षेत्र के कोलोकानी के पश्चिम में मोटरसाइकिलों का एक काफिला देखा, जो एक ठिकाने की ओर जा रहा था।
इसके बाद वहां हवाई हमला किया गया, जिसमें 100 से ज्यादा आतंकियों की मौत हो गई और उनका सामान और रसद भी नष्ट कर दिया गया।
25 अप्रैल को आतंकवादी समूहों ने माली के कई शहरों पर एक साथ हमले किए थे। उन्होंने राजधानी बमाको के पास काती शहर में रक्षा मंत्री सादियो कामारा के घर को भी निशाना बनाया था, जिसमें रक्षा मंत्री और उनकी पत्नी की मौत हो गई थी।
सरकार ने बताया था कि ये हमले काती, सेवेरे, गाओ, किदाल और राजधानी बमाको सहित कई जगहों पर किए गए थे।
28 अप्रैल को भारत ने इन आतंकवादी हमलों की कड़ी निंदा की और जनरल सादियो कामारा के निधन पर संवेदना जताई थी।
माली में भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे सभी भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे देश में अलग-अलग जगहों पर हुए हमलों के बाद बेहद सतर्क रहें।
–आईएएनएस
एवाई/पीएम
