लखनऊ: अलीगंज में बड़ा हादसा, कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग, जान बचाने को बिल्डिंग से कूदे छात्र

उत्तर प्रदेश में लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में एक कोचिंग संस्थान में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। कई छात्र घायल हो गए हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि जान बचाने के लिए कई छात्र दूसरी मंजिल से नीचे कूद गए। आशंका जताई जा रही है कि कोचिंग के अंदर अब भी कुछ बच्चे फंसे हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद बचाव का कोई रास्ता नहीं बचा था। सूचना के करीब आधे घंटे बाद तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंच सकी थीं।

इस दौरान धुएं और लपटों के बीच छात्र जान बचाने के लिए छत और खिड़कियों से कूदने लगे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। देर शाम तक आग पूरी तरह नहीं बुझाई जा सकी थी। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। प्रशासन ने कोचिंग के आसपास के इलाके को खाली करा लिया है।

सीएम योगी ने लिया आग की घटना संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आग की घटना का तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को उचित उपचार उपलब्ध कराने के आदेश दिए। उन्होने प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने और राहत कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश देते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन की टीमें जांच में जुटी हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

आग बुझाने में जुटे 14 दमकल वाहन 

अधिकारियों ने बताया कि अग्निशमन विभाग को अपराह्न करीब तीन बजे अलीगंज थाना क्षेत्र के उषा मेहता मार्ग पर स्थित एक कोचिंग संस्थान की इमारत में आग लगने की सूचना मिली। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए हाइड्रोलिक सीढ़ी से लैस वाहन सहित 14 दमकल वाहन मौके पर भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और न ही इमारत के भीतर किसी के फंसे होने की कोई जानकारी है। अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने की कोशिश की रही है और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।  

आग की खबर मिलते ही कोचिंग पहुंचे परिजन

अलीगंज स्थित कोचिंग संस्थान में आग लगने की सूचना मिलते ही छात्रों के परिजन बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। घटना स्थल के बाहर अपने बच्चों की कुशलक्षेम जानने के लिए परिजनों में बेचैनी और अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। कई अभिभावक अपने बच्चों से फोन पर संपर्क करने की कोशिश करते रहे, जबकि कुछ को सुरक्षित बाहर निकलते देख परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को शांत रहने की अपील करते हुए राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करने का अनुरोध किया।

Related Articles

Latest News