नई दिल्ली, 11 जून (आईएएनएस)। भारतीय महिला ए टीम के खिलाफ जून-जुलाई में होने वाली 3 टी20 और 3 वनडे मैचों की सीरीज के लिए इंग्लैंड ए टीम की घोषणा कर दी गई है। सरे की विकेटकीपर बल्लेबाज किरा चथली को इंग्लैंड ए टीम का कप्तान बनाया गया है।
इंग्लैंड की टीम में सीनियर स्तर पर खेल चुकीं तीन खिलाड़ियों—जोडी ग्रेवकॉक, रियाना मैकडोनाल्ड-गे, और चैरिस पैवेली—को भी शामिल किया गया है। कई ऐसी खिलाड़ी भी हैं जो जल्द ही इंग्लैंड की टीम में जगह बनाने की कोशिश कर रही हैं। इन खिलाड़ियों में डेविना पेरिन, ग्रेस स्क्रिवेंस, और सोफिया स्मेल शामिल हैं।
इंग्लैंड महिला टीम के मुख्य बैटिंग कोच जॉन लुईस को टीम ए टीम की जिम्मेदारी दी गई है।
लुईस ने कहा, “इंडिया के खिलाफ सीरीज यह देखने का एक और मौका होगी कि खिलाड़ियों का यह ग्रुप किस स्तर पर है। ए टीम में चुना जाना इस बात का सबूत है कि आप सही रास्ते पर हैं। अगली चुनौती सीनियर टीम में जगह बनाना है।”
उन्होंने कहा, “किसी दूसरे देश के खिलाफ सीरीज खेलने से हमेशा हमें कुछ न कुछ सीखने का मौका मिलता है। मैं किरा के लिए बहुत खुश हूं, मुझे यकीन है कि वह टीम की कप्तानी करने के लिए उत्साहित होगी। उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।”
चथली ने इस सीजन में सरे की 50-ओवर टीम की कप्तानी संभाली है और टूर्नामेंट के पहले हिस्से में आठ मैचों में से पांच में टीम को विजेता बनाया है।
भारत और इंग्लैंड की महिला ए टीमों के बीच पहले तीन टी20 मैचों की सीरीज और फिर 3 वनडे मैचों की सीरीज होगी। पहला टी20, 20 जून को नॉर्थम्प्टन, दूसरा टी20 नॉर्थम्प्टन में 23 जून, और तीसरा टी20 चेम्सफोर्ड में 25 जून को खेला जाएगा।
पहला वनडे 28 जून, दूसरा वनडे 1 जुलाई और तीसरा वनडे 4 जुलाई को खेला जाएगा। तीनों वनडे टॉनटन में खेले जाएंगे।
इंग्लैंड महिला ‘ए’ टी20 टीम: किरा चथली (कप्तान), ग्रेस बॉलिंगर, जोडी ग्रेवकॉक, एमा जोन्स, रियाना मैकडोनाल्ड-गे, एला मैककॉघन, कालेया मूर, चैरिस पैवेली, डविना पेरिन, ग्रेस पॉट्स, ग्रेस स्क्रिवेंस, सोफिया स्मेल, एलेक्सा स्टोनहाउस।
इंग्लैंड महिला ‘ए’ वनडे टीम: किरा चथली (कप्तान), ग्रेस बॉलिंगर, जोडी ग्रेवकॉक, एला मैककॉघन, फ्लो मिलर, चैरिस पैवेली, डविना पेरिन, चार्ली फिलिप्स, ग्रेस पॉट्स, ग्रेस स्क्रिवेंस, क्लो स्केल्टन, सोफिया स्मेल, एलेक्सा स्टोनहाउस।
–आईएएनएस
पीएके
