पंजाब में नौकरियां बेची जा रही हैं, 'आप' सरकार युवाओं से कर रही विश्वासघात : केवल ढिल्लों


चंडीगढ़, 24 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल ढिल्लों ने शुक्रवार को राज्य में आम आदमी पार्टी सरकार पर अक्षमता, भ्रष्टाचार और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं सरकार के ‘बदलाव’ के दावों की खोखलेपन को उजागर करती हैं।

उन्‍होंंने नौ‍करियों को बेचने का आरोप भी लगाया है। ढिल्लों ने पंजाब अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (पीएसएसएसबी) की ग्रुप-बी भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के मामले में सरकार के रवैये और फरीदकोट में फार्मेसी अधिकारियों की भर्ती के दौरान सामने आए हाई-टेक नकल रैकेट पर सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि चयन बोर्ड द्वारा विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्तियों के लिए आयोजित ग्रुप-बी भर्ती परीक्षा पेपर लीक होने के कारण प्रभावित हुई। छह महीने बाद भी जांच किसी तार्किक नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है, जो सरकार के भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने लगभग एक लाख उम्मीदवारों के भविष्य को खतरे में डाल दिया है और इस मामले पर पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए है।

फार्मेसी भर्ती में नकल घोटाले का जिक्र करते हुए ढिल्लों ने आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्रों के अंदर पेन कैमरे और ब्लूटूथ डिवाइस का इस्तेमाल करके उम्मीदवारों से 3.5 लाख से 13 लाख रुपए तक वसूलकर सरकारी नौकरियां बेची जा रही थीं।

उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सिग्नल जैमर न होना निष्पक्ष परीक्षा प्रक्रिया सुनिश्चित करने में सरकार की विफलता को उजागर करता है।

उन्होंने सवाल किया कि ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब सरकार, जो अक्सर ‘कट्टर ईमानदारी’ का दावा करते हैं, ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर चुप क्यों हैं। उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों मंत्रियों के तत्काल इस्तीफे की मांग की।

ढिल्लों ने कहा कि सरकार की बेईमानी अब ‘लोगों के सामने उजागर हो गई है और पंजाब के लोग राज्य के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने के लिए इस सरकार को सबक सिखाने को तैयार हैं’।

उन्होंने कहा कि इसके विपरीत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने नीट मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए सीबीआई जांच के आदेश दिए, जिसके परिणामस्वरूप 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई।

पंजाब भाजपा प्रमुख ने कहा कि दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाए गए हैं और ऐसे मामलों में कड़ी सजा का प्रावधान करने के लिए संसद में कानून भी लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार देश के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए हरसंभव कदम उठा रही है।

–आईएएनएस

एएसएच/वीसी


Related Articles

Latest News